चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर: कोरबा में रात से बारिश जारी, धान खरीद पर मंडराया संकट

WhatsApp Channel Join Now


कोरबा,20 नवंबर (हि. स.)। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान 'अकवान' के प्रभाव से कोरबा जिले में मौसम का मिजाज बदल गया है। गुरुवार रात से ही जिले के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, जबकि शुक्रवार सुबह से रुक-रुककर बूंदाबांदी का दौर जारी है।

आसमान में बादल छाए हुए हैं और बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट महसूस की जा रही है। मौसम के इस बदले मिजाज ने धान खरीद और किसानों की तैयार फसल को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए किसानों और धान उपार्जन केंद्र प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को जिले में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। गुरुवार रात से शुरू हुई बारिश के बाद प्रशासन ने धान को भीगने से बचाने के लिए उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। केंद्रों में खुले में रखे धान को चबूतरों पर व्यवस्थित रखने तथा कैप कवर और तिरपाल से पूरी तरह ढंकने को कहा गया है। इसके अलावा पानी निकासी की समुचित व्यवस्था करने और धान का उठाव तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी केंद्रों के नोडल अधिकारियों और समिति प्रबंधकों को इन व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन का प्रयास है कि बारिश के कारण उपार्जन केंद्रों में रखे धान को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे।

प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि खेतों और खलिहानों में रखी कटी हुई फसल को तिरपाल से ढंककर ऊंचे एवं सुरक्षित स्थानों पर रखें। उपार्जन केंद्रों तक धान ले जाते समय भी उसे अच्छी तरह ढंककर लाएं। मौसम की स्थिति को देखते हुए 20 और 21 नवंबर को धान की कटाई, मिंजाई और परिवहन की योजना सावधानीपूर्वक बनाने की सलाह दी गई है। पशुधन को भी निचले इलाकों से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर रखने को कहा गया है।

प्रशासन ने किसानों को यह भी जानकारी दी है कि बारिश अथवा अन्य प्राकृतिक आपदा से फसल को नुकसान होने पर बीमित किसान 72 घंटे के भीतर संबंधित बीमा कंपनी को इसकी सूचना दें। आपदा प्रबंधन की निगरानी राहत शाखा प्रभारी अपर कलेक्टर ओमकार यादव और डिप्टी कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज कर रहे हैं। सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहकर परिस्थितियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

गांवों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराकर ग्रामीणों को मौसम की चेतावनी दी जा रही है। पंचायत सचिव और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी भी किसानों को जागरूक कर रहे हैं। प्रशासन ने नागरिकों से बारिश और तेज हवा के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने, पेड़ों, जर्जर मकानों और होर्डिंग से दूर रहने की अपील की है। बिजली के खंभों और जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने तथा उफनती नदी-नालों को पार नहीं करने की सलाह दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780182 Articles

Share this story