बलरामपुर : सघन कुष्ठ खोज अभियान के तहत घर-घर पहुंच रही स्वास्थ्य टीम, स्क्रीनिंग जारी

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : सघन कुष्ठ खोज अभियान के तहत घर-घर पहुंच रही स्वास्थ्य टीम, स्क्रीनिंग जारी


बलरामपुर, 22 जून (हि.स.)। जिले में सघन कुष्ठ खोज अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर पहुंचकर संभावित मरीजों की पहचान और स्क्रीनिंग कर रही है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंह के मार्गदर्शन में यह अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य कुष्ठ रोग का प्रारंभिक अवस्था में पता लगाकर समय पर उपचार सुनिश्चित करना है।

अभियान के तहत स्वास्थ्य दल ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर लोगों की स्वास्थ्य जांच कर रहा है तथा कुष्ठ रोग के संभावित लक्षणों की पहचान की जा रही है। टीम द्वारा शरीर पर हल्के या सफेद धब्बे, सुन्नपन एवं अन्य संबंधित लक्षणों की जांच कर ग्रामीणों की स्क्रीनिंग की जा रही है।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत सेंदूर में स्वास्थ्य टीम ने घर-घर भ्रमण कर ग्रामीणों की जांच की तथा उन्हें कुष्ठ रोग के प्रारंभिक लक्षणों के बारे में जानकारी दी। स्वास्थ्य कर्मियों ने आज बताया कि यह रोग प्रारंभिक अवस्था में पहचान होने पर पूरी तरह ठीक हो सकता है, इसलिए किसी भी प्रकार के लक्षण दिखने पर बिना संकोच निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करना चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और जांच के दौरान स्वास्थ्य टीम को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि अधिक से अधिक संभावित मरीजों की पहचान कर समय पर उपचार शुरू किया जा सके।

जिला प्रशासन का कहना है कि ऐसे सघन स्वास्थ्य अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में जनस्वास्थ्य सुधार और रोग नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story