गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : दीपावली के मद्देनजर खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच, 26 नमूने परीक्षण के लिए भेजे गए

WhatsApp Channel Join Now
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : दीपावली के मद्देनजर खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच, 26 नमूने परीक्षण के लिए भेजे गए


अस्वच्छता मिलने पर भुवन होटल का खाद्य पंजीयन निरस्त, सुधार तक संचालन बंद; दो प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 04 नवंबर (हि.स.)। आगामी दीपावली पर्व के अवसर पर आमजन को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा जिले में विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।

खाद्य विभाग से बुधवार काे मिली जानकारी के अनुसार अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 26 नमूने संकलित किए गए हैं। इन्हें परीक्षण के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया है। जांच के दौरान पेंड्रा स्थित स्वीट इंडियन रेस्टोरेंट से बर्फी एवं सेव, गौरेला के ओम साई डेयरी से पनीर एवं खोवा तथा कान्हा स्वीट्स से मिल्क केक एवं खोवा के नमूने लिए गए।

इसी तरह मरवाही के भुवन होटल से बूंदी एवं बर्फी तथा अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों से पेड़ा, बेसन लड्डू, गजक, रजवाड़ी चिक्की सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए गए। अभियान के अंतर्गत 2 नवंबर को मरवाही स्थित भुवन होटल के परिसर में अत्यधिक अस्वच्छता पाए जाने पर उसका खाद्य पंजीयन निरस्त करते हुए आवश्यक सुधार होने तक संचालन बंद कराया गया। परिसर में अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी जलेबी भी नष्ट कराई गई। इसके अतिरिक्त जिले के दो खाद्य प्रतिष्ठानों को सुधार हेतु नोटिस जारी किया गया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए जिले के खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772079 Articles

Share this story