जनहितैषी योजनाओं एवं सेवा संकल्प अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जनहितैषी योजनाओं एवं सेवा संकल्प अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश


जगदलपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। बस्तर जिले के कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टोरेट स्थित प्रेरणा कक्ष में समय-सीमा की बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान कलेक्टर ने शासन की प्राथमिकताओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

उन्होंने सेवा संकल्प अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवा सेतु अभियान के तहत जनसमस्या निवारण शिविरों की तर्ज पर आयोजन कर कम से कम एक सप्ताह पूर्व ही आवेदनों का संकलन सुनिश्चित कर लिया जाए, ताकि शिविर दिवस पर अधिक से अधिक प्रकरणों का मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण समाधान हो सके। इसके साथ ही आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, पेंशन, राजस्व दस्तावेज और जाति-निवास प्रमाण पत्र जैसी महत्वपूर्ण 26 जनहितकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को शिविर स्थल पर ही लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया गया।

राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे के जरिए खरीफ गिरदावरी का कार्य तय समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं में गिरदावरी रिपोर्ट का अनिवार्य रूप से वाचन किया जाए, जिससे आगामी धान खरीदी के दौरान किसानों को सहूलियत हो सके। नक्शा बटांकन, खसरा अद्यतनीकरण और नामांतरण के लंबित मामलों के निराकरण में अद्यतन प्रगति लाई जाए। उन्होंने प्रकरणों को लंबित रखने वाले अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए।बैठक में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े की प्रगति की भी समीक्षा की गई, जिसमें प्रत्येक ग्राम पंचायत और नगरीय निकाय के हाट-बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों पर विशेष सफाई अभियान चलाने तथा गतिविधियों के फोटोग्राफ्स पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा सांसद-विधायक निधि के कार्यों की तकनीकी स्वीकृति, स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष व बालिका शौचालयों का निर्माण, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत योजना के संतृप्तीकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय बढ़ाने, नियमित फील्ड विजिट करने और सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के कार्यों को तेजी के साथ संचालित करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया कि लगातार समीक्षा के बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा, सहायक कलेक्टर यशवंत नायक तथा सभी अनुविभागीय दंडाधिकारी सहित जिलास्तरीय वरिष्ठ अधिकारी प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही मैदानी स्तर पर प्रशासनिक समन्वय को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिले के सभी तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और खंडस्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story