माय भारत अभियान से युवाओं को पोर्टल से जोड़ने विशेष पंजीकरण अभियान चलाने के निर्देश
बीजापुर, 15 जुलाई (हि.स.)। जिले के कलेक्टर विश्वदीप की अध्यक्षता में आज बुधवार काे आयोजित बैठक के दौरान कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में माय भारत जिला सलाहकार समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में माय भारत अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने, अंदरूनी एवं दूरस्थ क्षेत्रों के अधिक से अधिक युवाओं को पोर्टल से जोड़ने तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से अभियान को गति देने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिला युवा अधिकारी आदित्य पांडेय ने माय भारत की अवधारणा, उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए युवाओं के सशक्तिकरण, नेतृत्व विकास, स्वयंसेवा की भावना तथा राष्ट्र निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने जिले में माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण की वर्तमान स्थिति, अब तक की प्रगति तथा आगामी व्यापक पंजीकरण अभियान की कार्ययोजना भी प्रस्तुत की।
कलेक्टर विश्वदीप ने निर्देश दिए कि जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का विशेष पंजीकरण अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत पोर्टल से जोड़कर स्वयंसेवी गतिविधियों, नेतृत्व निर्माण और राष्ट्रहित के विभिन्न कार्यक्रमों से जोड़ा जाए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक विद्यालय एवं महाविद्यालय में माय भारत नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जबकि प्रत्येक महाविद्यालय में एक सक्रिय युवा को माय भारत कैंपस एम्बेसडर नामित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
कलेक्टर ने अधिकारियों से अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा विशेष रूप से बस्तर के वनांचल एवं दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं तक माय भारत अभियान की पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस पहल से युवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म, कौशल विकास के अवसरों एवं राष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों से जोड़कर उनके सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

