डुबान प्रभावित उरपुटी आंगनबाड़ी का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
डुबान प्रभावित उरपुटी आंगनबाड़ी का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश


धमतरी, 03 अप्रैल (हि.स.)। डुबान प्रभावित ग्राम उरपुटी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नन्हे बच्चों के बीच समय बिताते हुए केंद्र में संचालित गतिविधियों, पोषण आहार और प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों को दिए जा रहे पूरक पोषण आहार, नाश्ता, खेल-आधारित शिक्षण पद्धति तथा प्री-स्कूल गतिविधियों का अवलोकन किया। साफ-सफाई, बच्चों की उपस्थिति और अभिलेख संधारण की स्थिति संतोषजनक पाई गई। उन्होंने शिक्षण सामग्री और खिलौनों के उपयोग को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया। बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए कलेक्टर ने स्वास्थ्य रिकॉर्ड, नियमित वजन मापन और पोषण स्तर की जानकारी ली।

उन्होंने कुपोषण मुक्त अभियान को गंभीरता से लागू करने और प्रत्येक बच्चे की स्वास्थ्य स्थिति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। गर्मी को देखते हुए केंद्र में स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने, बच्चों को व्यक्तिगत पानी की बोतल रखने के लिए प्रेरित करने और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान बच्चों ने छत्तीसगढ़ का राजगीत “आरपा पैरी के धार” प्रस्तुत कर कलेक्टर का स्वागत किया, जिसकी उन्होंने सराहना की। कलेक्टर ने बच्चों से संवाद करते हुए फलों, रंगों और जानवरों के नाम पूछे और उनके आत्मविश्वास की प्रशंसा की। निरीक्षण के अंत में कलेक्टर ने बच्चों को खिलौने और मिठाइयां वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रयासों को सराहा। उन्होंने निर्देश दिए कि पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story