सुरक्षित आहार, हमर अधिकार के तहत खाद्य सेवा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण जारी
जगदलपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। बस्तर जिले में नियंत्रक-आयुक्त खाद्य सुरक्षा, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार 30 नवंबर तक 'सुरक्षित आहार, हमर अधिकार विशेष सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य-औषधि प्रशासन की टीम होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, कैंटीन, केटरिंग सेवाओं, एवं अन्य खाद्य सेवा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण शुरू कर दिया है। इसी अभियान के तहत 18 नवंबर को टीम ने धरमपुरा स्थित कैलाश स्वीट्स, चित्रकोट रोड स्थित ओडियानी रेस्टोरेंट और एक्स्ट्राक्लास रेस्टोरेंट की जांच की।
मिली जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा जिला बस्तर कि टीम के द्वारा कैलाश स्वीट्स धरमपुरा नंबर 1 जगदलपुर से दो खाद्य नमूना (बालूशाही एवं आलू मसाला) संकलन कर प्रयोगशाला भेजा गया। निरीक्षण के दौरान कैलाश स्वीट्स में अत्यधिक गंदगी पाये जाने के कारण साफ सफाई करने के लिए आगामी आदेश तक स्वीट शॉप को बंद कराया गया है तथा चित्रकोट रोड जगदलपुर में स्थित ओड़ियानी रेस्टोरेंट एवं एक्स्ट्राक्लास रेस्टोरेंट में निरीक्षण की कार्यवाही की गयी जिसमें एक्स्ट्राक्लास रेस्टोरेंट में 10 पैकेट एक्सपायर पीजा बेस पाए जाने पर पीजा बेस को नष्ट कराया गया एवं तीनों फर्म को खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन करने निर्देशित किया गया तथा सुधार सूचना प्रेषित किया गया है।
यह कार्यवाही जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी और नमूना सहायकों की संयुक्त टीम द्वारा निरंतर जारी रहेगी। उक्त कार्यवाही पूनम कुंजाम कांडे,अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन जिला बस्तर के मार्गदर्शन में, अंकित गुप्ता वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, पंकज कुमार नाग खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं नंदकिशोर हिरवानी नमूना सहायक की संयुक्त टीम द्वारा की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

