डोंगानाला वन धन विकास केंद्र का निरीक्षण, समूह की गतिविधियों की सराहना

WhatsApp Channel Join Now
डोंगानाला वन धन विकास केंद्र का निरीक्षण, समूह की गतिविधियों की सराहना


डोंगानाला वन धन विकास केंद्र का निरीक्षण, समूह की गतिविधियों की सराहना


कोरबा/कटघोरा, 23 मार्च (हि. स.)। जिला वनौषध सहकारी यूनियन मर्यादित कटघोरा के अंतर्गत संचालित वन धन विकास केंद्र डोंगानाला का निरीक्षण आज साेमवार को छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ रायपुर के उपाध्यक्ष यजदत्त शर्मा द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्र की व्यवस्थाओं, उत्पादन गतिविधियों और समूह के कार्यों का विस्तृत अवलोकन किया गया।

इस अवसर पर प्रबंध संचालक, जिला यूनियन कटघोरा सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समूह की महिलाओं द्वारा पारंपरिक तरीके से अतिथियों का स्वागत किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न वनोपज आधारित उत्पादों जैसे महुआ लड्डू, आंवला कैंडी, पापड़ी, अचार, अजवाइन चूर्ण, त्रिफला चूर्ण और अन्य औषधीय उत्पादों के निर्माण एवं पैकेजिंग प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

उपाध्यक्ष शर्मा ने समूह द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय वनोपज का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण कर ग्रामीणों की आय बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने समूह को गुणवत्ता सुधार, स्वच्छता और पैकेजिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही, उत्पादन कार्य में और अधिक विविधता लाने तथा बाजार विस्तार के लिए प्रयास करने की बात कही।

निरीक्षण के दौरान केंद्र में उपलब्ध मशीनों, उपकरणों और भंडारण व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि समूह द्वारा विभिन्न प्रकार की औषधीय सामग्री का संग्रहण और प्रसंस्करण किया जा रहा है। उपाध्यक्ष ने प्लास्टिक पैकिंग मशीन, ड्रायर मशीन और अन्य उपकरणों के संचालन की जानकारी ली तथा उनके बेहतर उपयोग पर जोर दिया।

समूह के सदस्यों ने अपने कार्यों के दौरान आने वाली समस्याओं से भी अवगत कराया। इस पर उपाध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि समूह को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सभी आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में उपाध्यक्ष यजदत्त शर्मा का साल और श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। इस दौरान उन्होंने केंद्र को मॉडल प्रसंस्करण इकाई के रूप में विकसित करने के लिए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story