सूरजपुर : कलेक्टर ने किया शहर निरीक्षण, चौपाटी से लेकर सब्जी मार्केट तक व्यवस्थाओं की ली जानकारी
सूरजपुर, 15 जून (हि.स.)। सोमवार को कलेक्टर रेना जमील ने शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्विमिंग पूल, चौपाटी, कृष्ण कुंज एवं सब्जी मार्केट का भ्रमण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने चौपाटी क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि चौपाटी में नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखी जाए, क्योंकि यहां बड़ी संख्या में लोग खान-पान के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने क्षेत्र में मवेशियों के विचरण पर भी चिंता जताते हुए उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सब्जी बाजार के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अग्रसेन चौक पर लगने वाली अव्यवस्थित सब्जी दुकानों को निर्धारित सब्जी मार्केट में स्थानांतरित कर व्यवस्थित रूप से संचालन कराने के निर्देश दिए, ताकि यातायात सुचारु रहे और नागरिकों को बेहतर सुविधा मिल सके।
स्विमिंग पूल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सदस्यता व्यवस्था, संचालन प्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने परिसर में नियमित सफाई और व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने पर जोर दिया।इसके बाद कलेक्टर ने कृष्ण कुंज का निरीक्षण कर वहां के रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

