कोरबा जिला न्यायालय पहुंचे मुख्य न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा, न्यायालयीन व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा जिला न्यायालय पहुंचे मुख्य न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा, न्यायालयीन व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों का लिया जायजा


कोरबा जिला न्यायालय पहुंचे मुख्य न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा, न्यायालयीन व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों का लिया जायजा


कोरबा, 29 अगस्त (हि. स.)। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर के मुख्य न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने शनिवार को कोरबा जिला न्यायालय का निरीक्षण किया। जिला न्यायालय परिसर पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की विभिन्न शाखाओं, सुविधाओं और अधोसंरचना से जुड़े कार्यों का विस्तृत जायजा लिया।

मुख्य न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने निरीक्षण के दौरान कोर्ट रूम, चिकित्सक कक्ष, विशेष न्यायालय, प्रतिलिपि अनुभाग, शिशु सदन, लोक सूचना अधिकारी कार्यालय, ई-सेवा केंद्र, डिजिटाइजेशन एवं स्कैनिंग रूम सहित न्यायालय परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने न्यायालयीन कार्यों के सुचारू संचालन के साथ ही अधोसंरचना विकास और निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

इस अवसर पर जिला अधिवक्ता संघ कोरबा की ओर से मुख्य न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। अधिवक्ता संघ की ओर से उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य न्यायमूर्ति ने कहा कि जिला अधिवक्ता संघ के सम्मान समारोह में उपस्थित होकर उन्हें गौरव का अनुभव हो रहा है। उन्होंने संघ के सभी पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्य न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने कहा कि, जिला अधिवक्ता संघ की ओर से रखी गई मांगों पर विधिवत विचार किया जाएगा और उन्हें पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अधिवक्ताओं से न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा पक्षकारों को समयबद्ध और सुगम न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।

जिला अधिवक्ता संघ कोरबा के अध्यक्ष गणेश कुलदीप ने अधिवक्ताओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों से मुख्य न्यायमूर्ति को अवगत कराया। इसके बाद संघ की ओर से मुख्य न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायमूर्ति ने कोरबा जिला न्यायालय के न्यायाधीशों के साथ बैठक भी की। बैठक में न्यायालयीन कार्यों, लंबित प्रकरणों और न्यायिक व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। उन्होंने न्यायिक कार्यों के प्रभावी संचालन और मामलों के समयबद्ध निराकरण से संबंधित पहलुओं पर भी जानकारी ली।

मुख्य न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने अपने साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि, इस अवधि में न्यायालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ न्यायालयों की अधोसंरचना के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने बताया कि कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं और विभिन्न जिलों का भ्रमण कर न्यायालयीन व्यवस्थाओं तथा निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा के अध्यक्ष संतोष शर्मा, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ राज्य विधिज्ञ परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पराशर सहित जिला अधिवक्ता संघ कोरबा के पदाधिकारी एवं अधिवक्तागण, जिला न्यायालय में पदस्थ न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story