कलेक्टर ने जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक की तैयारियों का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
कलेक्टर ने जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक की तैयारियों का किया निरीक्षण


जगदलपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। आगामी 25 और 26 नवंबर को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर शनिवार को कलेक्टर आकाश छिकारा ने इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम पहुंचकर प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं और तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आयोजन स्थल, मैदान की स्थिति, खिलाड़ियों व दर्शकों की सुविधाओं तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतियोगिता का आयोजन सुव्यवस्थित, सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रतिभागियों और खेल प्रेमियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी अभय नोन्हारे, उप संचालक पंचायत बीरेंद्र बहादुर, जिला खेल अधिकारी शशांक पॉल सहित लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने स्तर पर की जा रही तैयारियों की जानकारी साझा की।

उल्लेखनीय है कि बस्तर ओलंपिक जिले की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसे लेकर खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।जिले में आगामी 25 एवं 26 नवम्बर को जिला स्तरीय बस्तर ओलम्पिक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात आगामी माह में संभाग स्तरीय बस्तर ओलम्पिक का आयोजन प्रस्तावित है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781109 Articles

Share this story