इंजानी में सामुदायिक शौचालय से बदली गांव की तस्वीर, छात्राओं को मिला सुरक्षित वातावरण
बलरामपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में जनहित और स्वच्छता से जुड़े कार्यों को धरातल पर उतारा जा रहा है। जनपद पंचायत वाड्रफनगर की ग्राम पंचायत इंजानी में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास निर्मित सामुदायिक शौचालय स्वच्छता, स्वास्थ्य और सम्मान का उदाहरण बनकर सामने आया है।
गांव में पहले शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण विद्यालय के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, बाजार आने वाले लोगों और आसपास के नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को दूर करने के लिए ग्राम पंचायत ने विद्यालय के समीप सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया।
ग्राम पंचायत की ओर से शौचालय की नियमित साफ-सफाई, पानी की उपलब्धता और रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके चलते यह सुविधा लगातार उपयोग योग्य बनी हुई है। विद्यार्थी नियमित रूप से इसका उपयोग कर रहे हैं, जिससे खुले में शौच की प्रवृत्ति में कमी आई है और आसपास का वातावरण भी स्वच्छ हुआ है।
शिक्षकों और ग्रामीणों के अनुसार सामुदायिक शौचालय का सबसे अधिक लाभ छात्राओं को मिला है। उन्हें सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध होने से उनकी उपस्थिति और आत्मविश्वास में सकारात्मक बदलाव आया है।
ग्राम पंचायत इंजानी में निर्मित यह सामुदायिक शौचालय केवल आधारभूत सुविधा नहीं, बल्कि स्वच्छता, जनहित और सामुदायिक सहभागिता का उदाहरण बनकर उभरा है। यह पहल अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणादायक साबित हो रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

