बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ी : दीपक बैज

WhatsApp Channel Join Now
बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ी : दीपक बैज


रायपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के बढ़ते दामों ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। खाद्य तेल, शक्कर, प्याज, दाल और सब्जियों की कीमतों में बढ़ोतरी से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार परेशान हैं।

दीपक बैज ने कहा कि, राखी के त्योहार के दौरान शक्कर और खाद्य तेल की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उनके अनुसार, पिछले एक पखवाड़े में शक्कर के दाम में 40 से 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है, जबकि खाद्य तेल की कीमतें भी काफी बढ़ी हैं। प्याज के दाम 50 रुपये किलो तक पहुंचने और दालों सहित अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतें बढ़ने से गृहणियों का रसोई बजट प्रभावित हुआ है।

उन्होंने कहा कि, एक ओर बेरोजगारी और घटती आय लोगों की चिंता बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर दैनिक उपयोग की वस्तुओं की महंगाई ने परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। बैज ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और बिजली के बढ़े खर्च ने भी लोगों के घरेलू बजट को प्रभावित किया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि, दूध, दही, पनीर, आटा, मैदा, सूजी, दलहन, तिलहन और कपड़ों सहित रोजमर्रा की जरूरतों की कई वस्तुओं के दाम बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि सरकार से महंगाई कम करने के वादे किए गए थे, लेकिन आज आम आदमी बढ़ती कीमतों के बीच जीवनयापन करने को मजबूर है। बैज ने आरोप लगाया कि केंद्र की नीतियों के कारण जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story