इंद्रावती टाइगर रिजर्व में पांच बाघों के शिकार से हड़कंप, ट्रैप कैमरों का दो महीने का डेटा गायब

WhatsApp Channel Join Now
इंद्रावती टाइगर रिजर्व में पांच बाघों के शिकार से हड़कंप, ट्रैप कैमरों का दो महीने का डेटा गायब


बीजापुर, 12 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के इंद्रावती टाइगर रिजर्व में पिछले दो महीनों के दौरान पांच बाघों के शिकार की पुष्टि ने वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शिकारियों के एक अंतरराज्यीय गिरोह ने न केवल बाघों का शिकार किया, बल्कि उनकी गतिविधियों के साक्ष्य मिटाने के लिए ट्रैप कैमरों का दो महीने का डेटा भी डिलीट कर दिया। मामले में वन विभाग के कुछ कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। जबकि बाघों की सुरक्षा संरक्षण के नाम पर हर साल करोड़ों रुपये खर्च किये जा रहे हैं।

पासेवाड़ा के कोर रेंज के पेट्रोलिंग गार्ड कुंदन शाह मंडावी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया है कि उसने ही पांच बाघों का शिकार किया था। इस मामले में पासेवाड़ा के रेंजर कमल कश्यप, डिप्टी रेंजर नरहरि कश्यप और फॉरेस्ट गार्ड विश्वनाथ मांझी को निलंबित कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार वन विभाग के अन्य कर्मचारियों की भी इस गिरोह से मिलीभगत की खबरें सामने आ रही हैं, जिसकी गहन जांच की जा रही है।

पासेवाड़ा को छोड़ बाकी परिक्षेत्र एनजीओ के जिम्मे इंद्रावती टाइगर रिज़र्व में वन्य प्राणियों के डेटा संकलन, अध्ययन और अन्य शोध आदि के लिए नोवा नेचर नाम की एक संस्था को जिम्मेदारी सौंपी गयी है। इस काम के लिए उन्हें टाइगर रिज़र्व की तरफ से अच्छा खासा भुगतान भी किया जा रहा है, लेकिन इनकी टीम को भी इन शिकारियों की इस क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सक्रियता का आभास नहीं हो सका। कैमरों के नियंत्रण की जिम्मेदारी इस एनजीओ को ना देकर टाइगर रिज़र्व के कर्मचारियों ने अपने पास क्यों रखा था। अब इसे इत्तेफाक कहें या षडयंत्र कि जिस स्थान पर एनजीओ को काम करने से रोका गया उसी इलाके में पांच बाघों का क़त्ल हुआ। शिकारी कुंदन का घर भी यहीं था। एक बाघ की खाल यहीं से बरामद हुई और जिन ट्रैप कैमरों का डेटा डिलीट किया गया वो भी यहीं लगाए गए थे।

नोवा नेचर संस्था के अध्यक्ष एम. सूरज से जब पूछा गया कि जहां बाघों का शिकार हुआ, वहां के ट्रैप कैमरों का डेटा कैसे डिलीट हो गया तो उन्होंने बताया कि पूरे टाइगर रिज़र्व के ट्रैप कैमरों की देखरेख उनकी टीम करती है लेकिन सिर्फ पासेवाड़ा कोर रेंज की जिम्मेदारी टाइगर रिज़र्व के अधिकारियों के पास है।

इंद्रावती टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक संदीप बलगा ने बताया कि वन विभाग, महाराष्ट्र पुलिस और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने दो दिन पहले बाघ के अंगों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और उनके द्वारा बताए गए ठिकानों पर हमारी टीमें छापेमारी कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story