इंद्रावती के बाढ़ पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के सवाल पर भाजपा बोली-कांग्रेस के समझौतों का नतीजा

WhatsApp Channel Join Now
इंद्रावती के बाढ़ पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के सवाल पर भाजपा बोली-कांग्रेस के समझौतों का नतीजा


जगदलपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। इंद्रावती नदी के जल बंटवारे और बाढ़ की स्थिति को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने जगदलपुर में प्रेस वार्ता के दौरान इंद्रावती के जल बंटवारे को लेकर सरकार से यह भी पूछा है कि बारिश के दौरान ओडिशा की ओर से छोड़े जाने वाले पानी और गर्मी के मौसम में बस्तर को मिलने वाले पानी की स्थिति क्या है? कांग्रेस ने इसकी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।

कांग्रेस ने बाढ़ प्रभावित परिवारों का घर-घर जाकर वास्तविक सर्वे कराने और प्रभावित लोगों को सुरक्षित वापसी तक भोजन, राशन और रहने की व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग भी की है।

उनके सवालों पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पांडेय ने आज मंगलवार काे पलटवार करते हुए कहा कि इंद्रावती नदी के जल बंटवारे को लेकर सवाल उठाने से पहले दीपक बैज को नंदिनी सत्पथी और प्रकाश चंद्र सेठी के बीच हुए समझौतों की स्थिति के बारे में जानकारी रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय हुए इन समझौतों के कारण आज इंद्रावती नदी की स्थिति इस स्तर तक पहुंची है।

शिवनारायण पांडेय ने कहा कि ओडिशा ने इंद्रावती के पानी के उपयोग के लिए कई बांध बना लिए वहीं दूसरी ओर बस्तर में इंद्रावती के पानी के उपयोग को लेकर अपेक्षित काम नहीं हुआ। बस्तर में नदी के पानी का पारंपरिक तरीके से ही उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में इंद्रावती नदी सूखने की स्थिति में पहुंच जाती है। चित्रकोट जलप्रपात भी इसका असर झेलता है। श्री पांडेय ने कहा कि दीपक बैज के क्षेत्र में चित्रकोट जलप्रपात है, इसलिए उन्हें इंद्रावती के पानी के उपयोग और संरक्षण को लेकर पहले की व्यवस्था पर भी सवाल उठाने चाहिए।

दीपक बैज ने बाढ़ को लेकर सूचना तंत्र पर भी सवाल उठाए थे। कांग्रेस का कहना था कि यदि प्रशासन को समय पर पानी छोड़े जाने और जलस्तर बढ़ने की जानकारी मिल जाती तो नुकसान को कुछ हद तक कम किया जा सकता था। इस पर शिवनारायण पांडेय ने कहा कि लगातार हुई बारिश सरकार की ओर से नहीं कराई गई थी। लगभग 4-5 दिनों तक बारिश का दौर चला और चक्रवात के कारण पूरे देश में कई जगह ऐसी स्थिति बनी। शिवनारायण पांडेय ने दावा किया कि ओडिशा की ओर से पानी छोड़े जाने की जानकारी प्रशासन को घटना से तीन-चार दिन पहले ही मिल गई थी, उन्होंने कहा कि दीपक बैज को पूरी जानकारी नहीं है। कांग्रेस केवल सरकार पर सवाल उठा रही है और बयान दे रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story