इंदिरा स्टेडियम कोरबा में सात अगस्त को होगी भव्य भाला फेंक स्पर्धा

WhatsApp Channel Join Now
इंदिरा स्टेडियम कोरबा में सात अगस्त को होगी भव्य भाला फेंक स्पर्धा


कोरबा, 04 अगस्त (हि. स.)। जिले में एथलेटिक्स खेलों को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से 7 अगस्त को इंदिरा स्टेडियम, कोरबा में भव्य भाला फेंक स्पर्धा का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स संघ के आह्वान पर पूरे प्रदेश में 7 अगस्त को भाला फेंक दिवस मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोरबा जिला एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिलेभर के स्कूल, कॉलेज और ओपन वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

7 अगस्त का दिन भारतीय एथलेटिक्स के लिए विशेष महत्व रखता है। यह दिवस भारत के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता Neeraj Chopra की ऐतिहासिक उपलब्धि की स्मृति में मनाया जाता है। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया था।

प्रतियोगिता का आयोजन 7 अगस्त को दोपहर 3 बजे से इंदिरा स्टेडियम में होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम कोरबा की सभापति नूतन ठाकुर रहेंगी। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18, अंडर-20, अंडर-23 तथा सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग की भाला फेंक स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।

कोरबा जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष नौशाद खान ने जिले के सभी स्कूलों, महाविद्यालयों और ओपन वर्ग के खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करते हैं और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए प्रेरित करते हैं।

खेल संघ के सचिव सुरेश क्रिस्टोफर ने बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story