लारा एनटीपीसी में आन बान शान से लहराया तिरंगा

WhatsApp Channel Join Now
लारा एनटीपीसी में आन बान शान से लहराया तिरंगा


रायगढ़, 15 अगस्त (हि.स.)। देशभक्ति, गौरव और सामाजिक सरोकारों से ओत-प्रोत वातावरण में एनटीपीसी लारा में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। समारोह में राष्ट्र के प्रति कर्तव्य, उत्कृष्टता, सामाजिक जिम्मेदारी और समावेशी विकास की भावना एक साथ दिखाई दी।

समारोह के मुख्य अतिथि एवं एनटीपीसी लारा के परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके पश्चात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों ने अनुशासित एवं शानदार परेड के साथ सलामी गारद प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से गूंज उठा। अपने संबोधन में सुभाष ठाकुर ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें अपने अधिकारों के साथ राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराती है। उन्होंने कर्मचारियों से ईमानदारी, अनुशासन, प्रतिबद्धता और उत्कृष्टता के साथ कार्य करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

छत्तीसगढ़ की ऊर्जा जरूरतों से राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा तक एनटीपीसी लारा की अहम भूमिका

छत्तीसगढ़ की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने में एनटीपीसी लारा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पिछले पाँच दशकों से एनटीपीसी देश की ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। वर्तमान में एनटीपीसी समूह की स्थापित क्षमता 91,080 मेगावाट है, जबकि लगभग 35,000 मेगावाट क्षमता निर्माणाधीन है। वर्ष 2032 तक 149 गीगावाट क्षमता, जिसमें 60 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता शामिल है, हासिल करने का लक्ष्य देश की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।इसी ऊर्जा यात्रा में एनटीपीसी लारा ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 4,305.34 मिलियन यूनिट विद्युत का उत्पादन किया है। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ सहित देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में एनटीपीसी लारा की निरंतर भूमिका और उसकी समर्पित टीम की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी

एनटीपीसी लारा की विकास यात्रा में पर्यावरण संरक्षण को भी समान महत्व दिया जा रहा है। संयंत्र की स्थापना के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल से पाँच वर्ष की वैधता वाली संचालन की सहमति प्राप्त होना पर्यावरणीय प्रतिबद्धता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।वित्तीय वर्ष 2025-26 में लगभग 50,000 पौधों का वृक्षारोपण किया गया तथा स्थापना से अब तक लगभग 6.89 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। इस वर्ष लगभग 70,000 पौधों तथा मियावाकी वृक्षारोपण द्वितीय चरण में 12,000 पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है।पर्यावरण संरक्षण को आजीविका से जोड़ते हुए स्वयं सहायता समूहों के सहयोग से प्रयुक्त बैग फिल्टरों से 7,500 से अधिक पुनः उपयोग योग्य थैले तैयार किए जा चुके हैं। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर भी सृजित हुए हैं।

सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से समुदाय के साथ विकास की साझेदारी

एनटीपीसी लारा के लिए राष्ट्र निर्माण का अर्थ केवल ऊर्जा उत्पादन नहीं, बल्कि आसपास के समुदायों का समावेशी विकास भी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, महिला एवं बालिका सशक्तिकरण तथा ग्रामीण सुविधाओं के क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक उत्तरदायित्व पहलें संचालित की जा रही हैं।इनमें स्मार्ट कक्षा एवं शिक्षा सहायता कार्यक्रम, सौर उच्च प्रकाश स्तंभ स्थापना, सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम, कोरबा स्थित केंद्रीय प्लास्टिक अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान में युवा कौशल विकास कार्यक्रम, ग्रामीण स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर तथा कर्मचारी स्वयंसेवा कार्यक्रम के अंतर्गत ‘शिक्षा चौपाल’ प्रमुख हैं।

मेधा को सम्मान, सपनों को पंख

स्वतंत्रता दिवस समारोह में पुसौर विकासखंड के शासकीय विद्यालयों की कक्षा दसवीं के प्रतिभावान एवं शीर्ष स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप साइकिल प्रदान की गई।यह पहल ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर देने तथा उनकी शैक्षणिक यात्रा को सुगम बनाने की एनटीपीसी लारा की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

समाजसेवा के नायकों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान आसपास के ग्रामों के उन वरिष्ठ एवं विशिष्ट नागरिकों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने समाजसेवा एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके सामाजिक योगदान को सम्मानित करते हुए उन्हें क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया। इस अवसर पर आसपास के ग्रामों के वरिष्ठ नागरिकों एवं ग्रामीण प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने समारोह को विशेष आत्मीयता प्रदान की। एनटीपीसी लारा ने लारा, झिलगीटार, कांदागढ़, बोड़ाझरिया, छपोरा, महलोई, आरमुड़ा, देवलसुर्रा और रियाँपाली सहित आसपास के समुदायों के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। समारोह में एम. श्रीनाथ, महाप्रबंधक (संचालन एवं अनुरक्षण), हेमंत पावगी, महाप्रबंधक (परियोजनाएं), जाकिर खान, मानव संसाधन प्रमुख, रेखा ठाकुर, अध्यक्ष, प्रेरिता महिला समिति, उषा मरिसेट्टी एवं तृप्ति पावगी, वरिष्ठ सदस्य, प्रेरिता महिला समिति सहित वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, एनटीपीसी लारा परिवार के सदस्य तथा आसपास के ग्रामों के नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Share this story