युवाओं के लिए कौशल दिखाने का मौका, इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता के लिए 15 सितंबर तक होगा पंजीयन
सूरजपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। सूरजपुर सहित छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी तकनीकी दक्षता दिखाने का अवसर है। इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2026-28 के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण की ओर से शुरू की गई पंजीयन प्रक्रिया में इच्छुक युवा 15 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। प्रतियोगिता में पारंपरिक ट्रेड के साथ आधुनिक डिजिटल कौशल को भी शामिल किया गया है।
भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता में कुल 63 स्किल्स शामिल की गई हैं। इनमें पारंपरिक कौशल के साथ डिजिटल और आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों से जुड़े कौशल भी शामिल हैं।
युवा अपनी रुचि और दक्षता के अनुसार संबंधित स्किल में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। प्रतियोगिता के जरिए प्रतिभागियों को अपनी तकनीकी क्षमता, कार्यकुशलता और नवाचार को बड़े मंच पर सामने रखने का अवसर मिलेगा।
इच्छुक अभ्यर्थियों को प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए केवल स्किल इंडिया डिजिटल हब (एसआईडीएच) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 16 वर्ष होना जरूरी है।
सामान्य स्किल्स के लिए अभ्यर्थी का जन्म 1 जनवरी 2006 या उसके बाद होना चाहिए। वहीं डिजिटल कन्स्ट्रक्शन, क्लाउड कम्प्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी, रोबोट सिस्टम्स इंटीग्रेशन और एयरक्राफ्ट मेंटनेंस सहित 13 विशेष आधुनिक स्किल्स के लिए जन्मतिथि 1 जनवरी 2003 या उसके बाद निर्धारित की गई है।
मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। इसके अलावा आईटीआई, पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग कॉलेजों में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं भी अपनी दक्षता के अनुसार प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं।
इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता युवाओं को तकनीकी कौशल और नवाचार प्रदर्शित करने के लिए बड़ा मंच उपलब्ध कराएगी। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए आगे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर बन सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी पंजीयन और प्रतियोगिता से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक स्किल इंडिया डिजिटल हब पोर्टल अथवा लाइवलीहुड कॉलेज, सूरजपुर से संपर्क कर सकते हैं। युवाओं से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना पंजीयन पूरा करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

