भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश, लोकतंत्र की जननी है हमारा देश : विष्णुदेव साय

WhatsApp Channel Join Now
भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश, लोकतंत्र की जननी है हमारा देश : विष्णुदेव साय


भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश, लोकतंत्र की जननी है हमारा देश : विष्णुदेव साय


-रायपुर में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब, 10 हजार से अधिक लोग हुए शामिल

रायपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी रायपुर जिला के तत्वावधान में बुधवार को राजधानी के सुभाष स्टेडियम में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा एवं विशाल रैली का आयोजन किया गया। रैली में 10 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। पदयात्रा के माध्यम से भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर लोकतंत्र, संविधान तथा संवैधानिक संस्थाओं को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। रैली में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आमजन शामिल हुए।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेता सत्ता में बैठने और प्रधानमंत्री बनने की लालसा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विरोध करते-करते अब पूरे देश का विरोध करने पर उतर आए हैं। वे देश में अराजकता फैलाकर जनता द्वारा चुनी गई सरकार को गिराने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र और लोकतंत्र की जननी है। दुनिया के देश हमारे लोकतांत्रिक व्यवस्था की सराहना करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस जब चुनाव हारती है तो ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाती है, लेकिन जब चुनाव जीत जाती है तो वही चुनाव आयोग उसे अच्छा लगने लगता है। कांग्रेस का यह दोहरा चरित्र उसकी हताशा को दर्शाता है। उन्होंने कांग्रेस पर वोट चोरी और लोकतंत्र की हत्या के आरोप लगाने को लेकर भी निशाना साधा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि देश की आजादी के बाद प्रधानमंत्री के चयन के समय कांग्रेस के 12 नेता सरदार वल्लभभाई पटेल के पक्ष में थे, जबकि पंडित जवाहरलाल नेहरू के पक्ष में एक भी नेता नहीं था। इसके बावजूद नेहरू को प्रधानमंत्री बनाया गया। उन्होंने सवाल किया कि ऐसे में असली वोट चोर कौन है? मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में प्रदेश के सभी जिलों में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा आयोजित की जा रही है, ताकि जनता के सामने कांग्रेस की कथित अराजक मानसिकता को उजागर किया जा सके।

148 करोड़ जनता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सजग : किरण देव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि रायपुर की पावन भूमि पर आयोजित यह पदयात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा का महाअभियान है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक देश में शासन करने वाला राजनीतिक दल आज गिने-चुने राज्यों तक सिमटकर रह गया है। जनविरोधी नीतियां और देशविरोधी सोच उस दल की राजनीति का हिस्सा बन चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र की जड़ें अत्यंत मजबूत हैं। देश की 148 करोड़ जनता लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए सजग खड़ी है। कांग्रेस चुनाव हारने पर ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाती है, जबकि जीतने पर उसी चुनाव आयोग की सराहना करती है। जनता ने जनविरोधी और देशविरोधी राजनीति को हमेशा नकारा है और आगे भी नकारती रहेगी।

भारत को अस्थिर करने के षड्यंत्र सफल नहीं होंगे : बृजमोहन अग्रवाल

भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कुछ तत्व विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत को अस्थिर करने का षड्यंत्र रच रहे हैं। विदेशों से कुछ समूहों और नेताओं द्वारा भारत को नेपाल और बांग्लादेश बनाने जैसी धमकियां दी जा रही हैं। देश की जनता ऐसी अराजक मानसिकता को कभी स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश की जनता का भरपूर प्यार एवं समर्थन प्राप्त है। देश को अराजकता की ओर धकेलने वालों के मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे।

भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही व्यापक भागीदारी

भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर एवं रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग के नेतृत्व में आयोजित इस पदयात्रा एवं रैली में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आमजन शामिल हुए। आयोजकों ने रैली को ऐतिहासिक रूप से सफल बताया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, रायपुर शहर जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, रायपुर ग्रामीण जिला प्रभारी सुरेंद्र पाटनी सहित मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story