कमीशन के खेल में अटका नयापारा के अधूरी सड़क निर्माण का कार्य - राजेंद्र पटवा

WhatsApp Channel Join Now
कमीशन के खेल में अटका नयापारा के अधूरी सड़क निर्माण का कार्य - राजेंद्र पटवा


जगदलपुर, 23 जून (हि.स.)। नयापारा क्षेत्र में महीनों से कछुआ गति से चल रहे और वर्तमान में पूरी तरह ठप पड़ चुके सड़क निर्माण कार्य को लेकर को लेकर नागरिकों में नाराजगी है । व्यापारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एवं छाया पार्षद राजेंद्र पटवा ने आज अपने बयान में कहा कि नयापारा की यह अधूरी सड़क भाजपा सरकार के तथाकथित विकास मॉडल के दावों की हवा निकाल रही है। जनहित के कामों को दरकिनार कर यह पूरा निर्माण कार्य अब 'कमीशनखोरी के खेल'की भेंट चढ़ चुका है, जिसका खामियाजा आज पूरा क्षेत्र भुगत रहा है।

राजेंद्र पटवा ने कहा कि स्थानीय पार्षद जल्द से जल्द नया पारा के अधूरे सड़क निर्माण कार्य काे पूरा करना छोड़कर नाली निर्माण की बेतुकी जिद को लेकर अड़े हुए हैं। नयापारा सड़क का निर्माण कार्य रुकने के पीछे कोई तकनीकी अड़चन या ठेकेदार की ढिठाई नहीं है। बल्कि पर्दे के पीछे कमीशन का बड़ा खेल और नाली निर्माण को लेकर मची आपसी खींचतान जिम्मेदार है। अपनी जेबें भरने और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए नाली निर्माण की गलत जिद पकड़ी गई है, जिसके चलते आज पर्यंत तक सड़क के काम को आगे नहीं बढ़ने दिया गया है।

राजेंद्र पटवा ने कहा कि सड़क को खोदकर महीनों से अधर में छोड़ दिए जाने के कारण पूरे नयापारा क्षेत्र में 'धूल के गुब्बारे'उड़ रहे हैं। इसका सबसे बड़ा खामियाजा स्थानीय छोटे-बड़े व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है। ग्राहक इस रास्ते पर आने से कतरा रहे हैं, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही, उखड़ी हुई गिट्टियों और गड्ढों के कारण यह सड़क अब'एक्सीडेंट ज़ोन'बन चुकी है। बुजुर्ग, महिलाएं और स्कूली बच्चे आए दिन यहां गिरकर चोटिल हो रहे हैं। यदि जनहित के इस कार्य में और देरी की गई,तो कांग्रेस पार्टी जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में व्यापारी प्रकोष्ठ,स्थानीय व्यापारियों और पीड़ित आम जनता व वार्डवासियों को लेकर सड़कों पर उतरने को मजबूर होगा एवं उग्र आंदोलन,धरना प्रदर्शन और चक्काजाम करने हेतु बाध्य होगी जिसकी समस्त जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन, भाजपा सरकार की होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story