नीट परीक्षा में असफल होने पर हुई घटना एक परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज व बस्तर के लिए चिंता का विषय : दीपक बैज

WhatsApp Channel Join Now
नीट परीक्षा में असफल होने पर हुई घटना एक परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज व बस्तर के लिए चिंता का विषय : दीपक बैज


जगदलपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। जिले के बोधघाट थाना क्षेत्र के आड़ावाल खासपारा में रहने वाली 20 वर्षीय सुरला हारिका राव नायडू द्वारा नीट परीक्षा में तीन बार असफल होने के कारण फांसी लगाकर आत्महत्या की घटना की सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने आज पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी तथा इस कठिन समय में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।

दीपक बैज ने दिवंगत सुरला हारिका राव नायडू को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

दीपक बैज ने कहा कि यह घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि पूरे समाज व बस्तर के लिए गंभीर चिंता का विषय है। प्रतियोगी परीक्षाओं का बढ़ता दबाव, लगातार असफलता का मानसिक बोझ और युवाओं के लिए पर्याप्त मनोवैज्ञानिक सहयोग की कमी अनेक विद्यार्थियों को अवसाद की ओर धकेल रही है। आज विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की बेहद आवश्यकता है। परिवार,समाज, शैक्षणिक संस्थानों और सरकार को मिलकर ऐसा वातावरण तैयार करना चाहिए, जहां असफलता को जीवन का अंत नहीं, बल्कि आगे बढ़ने का एक अवसर माना जाए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।

इस दाैरान प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह ग़ैदू,शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष सेठिया, पूर्व निगम अध्यक्ष कविता साहू, रविशंकर तिवारी, महामंत्री विजय सिंह, प्रशांत जैन, अनुराग महतो, किसान कांग्रेस अध्यक्ष दयाराम कश्यप, मंडल अध्यक्ष प्रणय शील मंडल, मुकुंद राम नेताम, प्रभुदास, साहिल हीयाल, राजू राव मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story