लगातार बारिश से कोंडागांव में जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई मार्ग बंद, कच्चा मकान ढहा

WhatsApp Channel Join Now
लगातार बारिश से कोंडागांव में जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई मार्ग बंद, कच्चा मकान ढहा


कोंडागांव, 25 सितंबर (हि.स.)। जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। नदी-नाले उफान पर हैं और कई स्थानों पर तेज बहाव के चलते सड़क संपर्क बाधित हो गया है। निचले इलाकों और बस्तियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। लगातार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने शुक्रवार को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। साथ ही तिमाही परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं।

लगातार बारिश के बीच ग्राम पंचायत सातगांव के नानी पदरपारा में एक गरीब परिवार का कच्चा मकान अचानक ढह गया। हादसे में घर में रखा आवश्यक घरेलू सामान मलबे में दब गया, जिससे परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

जिले में मर्दापाल-कोंडागांव मार्ग पर पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। वहीं कोंडागांव-नारायणपुर मार्ग पर भी नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से यातायात प्रभावित है। ग्रामीण क्षेत्रों से शहर आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इधर, लगातार बारिश और उफनते नदी-नालों के बावजूद जिले में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला जारी है। कई स्थानों पर श्रद्धालु प्रतिमाओं का विसर्जन कर रहे हैं। प्रशासन ने तेज बहाव वाले जलस्रोतों में उतरने से बचने तथा विसर्जन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने का आग्रह किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story