वरिष्ठ नागरिकों के लिए जांजगीर-चांपा में ‘सियान गुड़ी’ केयर सेंटर का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
वरिष्ठ नागरिकों के लिए जांजगीर-चांपा में ‘सियान गुड़ी’ केयर सेंटर का शुभारंभ


जांजगीर-चांपा, 30 अक्टूबर (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई है। समाज कल्याण विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्थापित ‘सियान गुड़ी’ डे-केयर सेंटर का आज शुक्रवार को सांसद कमलेश जांगड़े ने शुभारंभ किया। इस केंद्र के माध्यम से 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को सामाजिक सहभागिता, मनोरंजन एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं से युक्त अनुकूल वातावरण उपलब्ध होगा। कार्यक्रम में विधायक जांजगीर-चांपा ब्यास कश्यप, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, इंजी. रवि पांडेय, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

सियान गुड़ी में वरिष्ठ नागरिकों के लिए योग, प्राणायाम, फिजियोथेरेपी, प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, पुस्तकालय, पारिवारिक परामर्श, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियां, इंडोर गेम्स, स्वल्पाहार तथा भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। यह पहल वरिष्ठ नागरिकों के सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के साथ ही उनके जीवन में सकारात्मकता और आत्मीयता का संचार करेगी।

शुभारंभ अवसर पर सांसद कमलेश जांगड़े एवं अतिथियों ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ कैरम एवं लूडो खेलकर आत्मीय समय बिताया और उनसे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों के अनुभवों को जाना तथा उनके सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की।

सांसद कमलेश जांगड़े ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में ‘सियान गुड़ी’ के माध्यम से बुजुर्गों एवं वरिष्ठ नागरिकों को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस केंद्र में वरिष्ठ नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे उन्हें बेहतर, सुविधाजनक एवं आत्मीय वातावरण मिल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769616 Articles

Share this story