जांजगीर-चांपा में आधुनिक आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ, सातों दिन मिलेंगी आधार संबंधी सेवाएं

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में आधुनिक आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ, सातों दिन मिलेंगी आधार संबंधी सेवाएं


जांजगीर-चांपा, 2 सितंबर (हि. स.)। जिले के नागरिकों को आधार से संबंधित सेवाएं आसानी और सुविधा के साथ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा में आधुनिक आधार सेवा केंद्र की शुरुआत की गई है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने बुधवार को नवस्थापित आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया।

केंद्र के शुरू होने से जिले के नागरिकों को सप्ताह के सातों दिन एक ही स्थान पर आधार नामांकन सहित विभिन्न अपडेट सेवाओं की सुविधा मिलेगी। शुभारंभ के बाद कलेक्टर और एसपी ने केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि जिले में कलेक्टोरेट परिसर के साथ सभी तहसीलों, एसडीएम कार्यालयों और जनपद पंचायतों में आधार संबंधी सेवाएं संचालित की जा रही हैं। यूआईडीएआई द्वारा डेडिकेटेड आधार सेवा केंद्र शुरू किए जाने से ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों को विशेष सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नागरिक आधार में दर्ज अपनी डेमोग्राफिक और बायोमेट्रिक जानकारी को समय-समय पर अपडेट करा सकेंगे।

आधार सेवा केंद्र में बच्चों और वयस्कों के लिए नया आधार नामांकन, फिंगरप्रिंट, आइरिस स्कैनिंग और फोटो अपडेट, नाम, पता, मोबाइल नंबर व जन्मतिथि में सुधार, पहचान एवं पते से संबंधित दस्तावेज अपडेट सहित अन्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। बच्चों के लिए निर्धारित आयु के अनुसार अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा भी केंद्र में मिलेगी।

केंद्र सोमवार से रविवार तक सप्ताह के सातों दिन सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक संचालित होगा। नागरिक सीधे केंद्र पहुंचकर अथवा उपलब्ध सुविधा के अनुसार ऑनलाइन स्लॉट बुक कर आधार संबंधी सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। इससे नागरिकों को आधार संबंधी कार्यों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता कम होगी और उनके समय एवं संसाधनों की बचत होगी।

आधार सेवा केंद्र दुकान क्रमांक 18, डी.डी. प्लाजा, एसडीएम कार्यालय के सामने, कचहरी चौक, वार्ड क्रमांक 23, जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़ में स्थित है।

इस अवसर पर ईडीएम सुनील कुमार साहू, प्रोजेक्ट मैनेजर खुर्शीद आलम, बीएलएस इंटरनेशनल के क्लस्टर मैनेजर एवं ऑपरेशन मैनेजर रमेश लाल नामदेव सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story