कोरबा में चार्ली चौपाटी और मॉडर्न आर्ट फाउंटेन का लोकार्पण, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी विकास कार्यों की सौगात
कोरबा, 17 नवंबर (हि. स.)। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिला प्रभारी मंत्री अरुण साव ने मंगलवार को नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा नवनिर्मित वेंडिंग जोन ‘चार्ली चौपाटी’ और सीएसईबी चौक में स्थापित ‘जलचक्र एसएस मॉडर्न आर्ट फाउंटेन’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत और नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 17 में अटल परिसर के पीछे दर्री मुख्य मार्ग पर 27 लाख 55 हजार रुपये की लागत से चार्ली चौपाटी वेंडिंग जोन का निर्माण कराया गया है। वहीं, सीएसईबी चौक में 15 लाख 75 हजार रुपये की लागत से जलचक्र एसएस मॉडर्न आर्ट फाउंटेन स्थापित किया गया है। दोनों विकास कार्यों का लोकार्पण उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने की।
इस अवसर पर नागरिकों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत के मार्गदर्शन में चार्ली चौपाटी का निर्माण कराया गया है। इसके संचालन से अनेक लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही आम नागरिकों को भी एक बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार बनने के बाद से कोरबा के विकास को लगातार गति मिल रही है। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन कोरबा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और महापौर संजू देवी राजपूत नगर निगम की कमान संभाल रही हैं। सरकार की मंशा के अनुरूप शहर में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरबा की सड़कों का कायाकल्प हो रहा है। नगर निगम क्षेत्र में लगभग 1100 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं। शहर में हो रहे निरंतर विकास के लिए उन्होंने उद्योग मंत्री, महापौर और नगर निगम के सभी जनप्रतिनिधियों को बधाई दी।
कार्यक्रम में निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, मेयर इन काउंसिल के सदस्य, पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

