कोरबा में बिरसा मुंडा चौक का लोकार्पण, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में बिरसा मुंडा चौक का लोकार्पण, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया उद्घाटन


कोरबा, 15 नवंबर (हि. स.)। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर कोरबा के पं. रविशंकर शुक्ल नगर में नवनिर्मित बिरसा मुंडा चौक का लोकार्पण किया गया। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने लोकार्पण पट्टिका का अनावरण और पूजा-अर्चना कर चौक का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, आदिवासी समाज के पदाधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

नगर पालिक निगम कोरबा के रविशंकर नगर जोन अंतर्गत मुख्य मार्ग पर पुष्पविहार कॉलोनी के समीप आयोजित कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर चौक का लोकार्पण होना गौरव और हर्ष का विषय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर केंद्र सरकार ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित किया है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा देश के 127 स्थानों पर जनजातीय गौरव से जुड़े संग्रहालयों और प्रतिमाओं का वर्चुअल लोकार्पण किया गया है।

मंत्री देवांगन ने कहा कि छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों के आदिवासी समाज ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समाज के वीर सपूतों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया है। देश और समाज की प्रगति में आदिवासी समाज का योगदान हमेशा महत्वपूर्ण रहा है।

कार्यक्रम में नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए समाज को संगठित कर सशक्त संघर्ष किया। उन्होंने देश, प्रकृति और समाज के हित में अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उनकी जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय सराहनीय है।

वार्ड पार्षद अब्दुल रहमान ने चौक के लोकार्पण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि महापौर संजूदेवी राजपूत द्वारा आदिवासी समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की गई है। वहीं, उनके पार्षद निधि से 7 लाख रुपये दिए जाएंगे। इस तरह कुल 17 लाख रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की जयंती का आयोजन इसी नवनिर्मित भवन में किया जाएगा।

आदिवासी शक्तिपीठ के संरक्षक रघुवीर सिंह मार्को ने कहा कि बिरसा मुंडा चौक का लोकार्पण पूरे आदिवासी समाज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के महापौर कार्यकाल में शहीद वीर नारायण सिंह के नाम पर चौक का नामकरण किए जाने का भी उल्लेख किया। वहीं, आदिवासी शक्तिपीठ के अध्यक्ष सेवकराम मरावी ने समाज के लोगों से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों और पदचिह्नों पर चलने तथा देश और समाज की उन्नति में योगदान देने की अपील की।

कार्यक्रम में पार्षद सुनीता चौहान, एल्डरमेन ईश्वर साहू, वैशाली रत्नपारखी, प्रफुल्ल तिवारी, नरेंद्र पाटनवार, अब्दुल सुल्तान, अनिल यादव, सिराज खान, हेलेना एक्का, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, आदिवासी समाज के सदस्य और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777648 Articles

Share this story