मड़वा ताप विद्युत संयंत्र में पालना घर का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
मड़वा ताप विद्युत संयंत्र में पालना घर का शुभारंभ


जांजगीर-चांपा, 9 जुलाई (हि. स.)। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह (एबीवीटीपीएस) मड़वा में गुरुवार को महिला अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा की शुरुआत की गई। संयंत्र परिसर में नव-निर्मित पालना घर (क्रेच) का शुभारंभ मुख्य अभियंता एच.एन. कोसरिया ने किया। इस सुविधा के शुरू होने से अब महिला कर्मचारी अपने छोटे बच्चों की देखभाल को लेकर चिंता मुक्त होकर अपने कार्यों का निर्वहन कर सकेंगी।

पालना घर का संचालन प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक किया जाएगा। यहां बच्चों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण तैयार किया गया है, जहां उनके आराम, खेलकूद और मनोरंजन की समुचित व्यवस्था की गई है। बच्चों के लिए खेल सामग्री के साथ-साथ टीवी और साउंड बॉक्स जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि उनका समय आनंदपूर्वक बीत सके।

मुख्य अभियंता एच.एन. कोसरिया ने कहा कि, आधुनिक कार्यस्थलों पर महिला कर्मचारियों के लिए इस प्रकार की सुविधाएं अत्यंत आवश्यक हैं। पालना घर की स्थापना से महिलाओं को अपने बच्चों की सुरक्षा और देखभाल की चिंता किए बिना पूरी निष्ठा और आत्मविश्वास के साथ अपने दायित्व निभाने में सहायता मिलेगी। यह पहल महिला सशक्तिकरण और कर्मचारी हितों के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

पालना घर के शुभारंभ के अवसर पर संयंत्र परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्य अभियंता एच.एन. कोसरिया, अतिरिक्त मुख्य अभियंता आलोक लकरा, आर.एल. ध्रुव, एन. लकरा तथा आर.के. नायक ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

विद्युत संयंत्र प्रबंधन का मानना है कि कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण और परिवार हितैषी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। पालना घर जैसी पहल से महिला कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और उन्हें परिवार तथा नौकरी के बीच बेहतर संतुलन बनाने में मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story