बिलासपुर में धान खरीद महाअभियान का शानदार आगाज, खरीद व्यवस्था से संतुष्ट दिखे अन्नदाता

WhatsApp Channel Join Now
बिलासपुर में धान खरीद महाअभियान का शानदार आगाज, खरीद व्यवस्था से संतुष्ट दिखे अन्नदाता


खरीद केंद्रों में माला पहनाकर एवं नारियल भेंट कर किसानों का स्वागत, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की हुई पूजा

बिलासपुर 15 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अन्नदाताओं की मेहनत की उपज की खरीद के लिए राज्य सरकार के सबसे बड़े महाअभियान की शुरुआत आज बिलासपुर जिले में भी हो गई। धान खरीद के पहले दिन बिल्हा विकासखंड के ग्राम हरदी स्थित धान उपार्जन केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की पूजा-अर्चना कर खरीदी का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अपनी उपज बेचने पहुंचे किसान विजय कुमार धुरी का माला पहनाकर एवं नारियल भेंट कर स्वागत किया गया।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने केंद्र पहुंचकर खरीद प्रक्रिया एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अपनी मौजूदगी में किसान धुरी के धान की तौल कराई और अधिकारियों को किसानों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने किसानों से चर्चा कर बताया कि अब निर्धारित अधिकतम मात्रा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ के मान से एकसमान आदान सहायता राशि दी जाएगी। यदि कोई किसान प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम मात्रा में धान उपार्जन के लिए उपलब्ध कराता है, तब भी उसे प्रति एकड़ के मान से आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा।

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले के सभी 154 धान उपार्जन केंद्रों में खरीद की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के लगभग 1 लाख 36 हजार किसानों ने धान विक्रय के लिए पंजीयन कराया है। हरदी उपार्जन केंद्र में पहले दिन पहुंचे किसान विजय कुमार धुरी से 12.40 क्विंटल मोटा महामाया किस्म के धान की खरीद की गई। कलेक्टर अग्रवाल ने धान की तौल प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं एवं खरीद व्यवस्थाओं की जानकारी ली। केंद्र में पहले दिन धान विक्रय के लिए दो किसानों के टोकन जारी किए गए थे। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा खरीद प्रक्रिया सुचारू, व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संचालित की जाए।

धान खरीद के पहले दिन अपनी उपज बेचने पहुंचे किसान विजय कुमार धुरी ने उपार्जन केंद्र में की गई व्यवस्थाओं पर संतुष्टि जताई। उन्होंने धान खरीदी की प्रक्रिया एवं किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की। पहले ही दिन अपनी उपज का विक्रय होने से वे संतुष्ट नजर आए।

हरदी धान उपार्जन केंद्र में कुल 1,139 किसान पंजीकृत हैं। यहां हरदी, बसिया एवं कोरमी गांवों के किसान अपनी उपज बेचने आते हैं। कलेक्टर ने केंद्र में धान के सुरक्षित एवं व्यवस्थित भंडारण के लिए पर्याप्त स्टैकिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान की आवक के अनुरूप तौल एवं भंडारण की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। किसानों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम उपलब्ध रहें, ताकि उन्हें अनावश्यक प्रतीक्षा या किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को धान खरीद की सतत निगरानी करने तथा शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप किसानों को सुविधाजनक वातावरण में अपनी उपज बेचने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777441 Articles

Share this story