शासन की सभी योजनाओं का क्रियान्वयन लक्ष्यानुरूप हो : कलेक्टर

WhatsApp Channel Join Now
शासन की सभी योजनाओं का क्रियान्वयन लक्ष्यानुरूप हो : कलेक्टर


धमतरी, 13 अप्रैल (हि.स.)।कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने 13 अपै्रल को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साेमवार काे आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले के सभी विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की गहन एवं बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शासन की सभी योजनाओं का क्रियान्वयन लक्ष्यानुरूप, पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में खाद्य, शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, आदिवासी विकास, ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, कृषि, लोक निर्माण, पीएमजीएसवाई, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा शहरी विकास एवं अवसंरचना विभागों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने प्रत्येक विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।

कलेक्टर ने शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए आगामी 24-25 अप्रैल को आयोजित होने वाली इंटर कालेज प्रतियोगिता की तैयारियों को व्यवस्थित एवं आकर्षक ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के अंतर्गत कालेजों के सुदृढ़ीकरण, नए शैक्षणिक प्रोजेक्ट, स्किल डेवलपमेंट सेंटर, इन्क्यूबेशन गतिविधियों तथा आईटीआई उन्नयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए इनमें और तेजी लाने को कहा है। उन्होंने युवाओं को रोजगारोन्मुखी शिक्षा से जोड़ने पर विशेष बल दिया है।

स्वास्थ्य एवं सामाजिक योजनाओं की संतोषजनक प्रगति

स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, टीबी एवं कुष्ठ उन्मूलन, सिकल सेल प्रबंधन, एनीमिया नियंत्रण तथा विशेष स्वास्थ्य शिविरों की प्रगति पर कलेक्टर ने संतोष व्यक्त किया। समाज कल्याण एवं आदिवासी कल्याण योजनाओं के तहत सक्षम योजना, छात्रावास उन्नयन, धरती आबा उत्कर्ष अभियान, पीएम-जनमन तथा आजीविका कार्यक्रमों को प्राथमिकता के साथ लागू करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, फसल विविधीकरण, उन्नत बीज वितरण, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं उद्यानिकी योजनाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने किसानों की आय में वृद्धि तथा स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

उन्होंने नवाचार आधारित कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी बल दिया। शहरी क्षेत्रों में सड़क, नाली, पेयजल, पार्क, स्टेडियम, सोलर परियोजनाओं एवं पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जनसुविधाओं के विस्तार एवं ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी लाने को कहा है। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी सहित जिला स्तरीय अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story