समाधान शिविर में तुरंत मिला इलाज, लोकेश्वरी की आंखों में लौटी रोशनी और विश्वास

WhatsApp Channel Join Now
समाधान शिविर में तुरंत मिला इलाज, लोकेश्वरी की आंखों में लौटी रोशनी और विश्वास


धमतरी, 21 मई (हि.स.)। सुशासन तिहार के तहत ग्राम पंचायत पीपरछेड़ी में गुरुवार काे आयोजित समाधान शिविर एक बार फिर आमजन के लिए राहत और भरोसे का केंद्र बनकर सामने आया। यहां शासन की संवेदनशील पहल ने एक ग्रामीण महिला के जीवन में नई उम्मीद जगा दी।

ग्राम पिपरछेड़ी निवासी लोकेश्वरी लंबे समय से आंखों की समस्या से परेशान थीं। उन्हें पास की वस्तुएं और लिखी हुई सामग्री साफ दिखाई नहीं देती थी। इससे घर के दैनिक कार्यों से लेकर जरूरी दस्तावेज पढ़ने तक में काफी दिक्कत हो रही थी। सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिस्थितियों के कारण वे समय पर नेत्र परीक्षण नहीं करा पा रही थीं, जिससे समस्या लगातार बढ़ती जा रही थी।

समाधान शिविर में पहुंचकर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के समक्ष अपनी परेशानी रखी। आवेदन मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल आंखों की जांच की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. यूएल कौशिक के मार्गदर्शन में चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उन्हें निशुल्क चश्मा उपलब्ध कराया। चश्मा पहनते ही जब लोकेश्वरी ने पास रखी वस्तुओं और लिखी हुई सामग्री को स्पष्ट रूप से देखा, तो उनके चेहरे पर खुशी और संतोष साफ नजर आया। भावुक होकर उन्होंने कहा कि अब उन्हें काफी राहत महसूस हो रही है और वे अपने दैनिक कार्य पहले से अधिक सहजता से कर पा रही हैं।

उन्होंने जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार जैसे शिविर ग्रामीणों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहे हैं, जहां समस्याओं का त्वरित और सम्मानजनक समाधान मिल रहा है। लोकेश्वरी ने यह भी बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना का लाभ नियमित रूप से मिल रहा है, जिससे परिवार की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story