रायगढ़ में आईएफएमआईएस नेक्स्ट जेन प्रणाली को लेकर प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
रायगढ़ में आईएफएमआईएस नेक्स्ट जेन प्रणाली को लेकर प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित


रायगढ़ में आईएफएमआईएस नेक्स्ट जेन प्रणाली को लेकर प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित


रायगढ़ , 20 नवंबर (हि.स.)। शासकीय वित्तीय प्रबंधन प्रणाली को अधिक सुगम, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला कोषालय रायगढ़ द्वारा 19नवंबर को आईएफएमआईएस नेक्स्ट जेन के संबंध में प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कैरियर कॉलेज ऑफ नर्सिंग, चिटकाकानी रायगढ़ में आयोजित इस कार्यशाला में जिले के विभिन्न विभागों के तकनीकी रूप से दक्ष अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।

वरिष्ठ कोषालय अधिकारी चंद्रपाल सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में संचालक, कोष एवं लेखा द्वारा नियुक्त मास्टर ट्रेनर ने आईएफएमआईएस नेक्स्ट जेन प्रणाली की कार्यप्रणाली एवं विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण में जिले के समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारियों के अधीनस्थ ऐसे अधिकारी-कर्मचारियों को शामिल किया गया, जिन्हें कंप्यूटर एवं तकनीकी कार्यों का ज्ञान है।

कार्यशाला के दौरान मास्टर प्रशिक्षकों ने आईएफएमआईएस नेक्स्ट जेन प्रणाली के माध्यम से बजट निर्माण की प्रक्रिया को विस्तारपूर्वक समझाया। साथ ही नई प्रणाली के उपयोग, इसकी कार्यप्रणाली और विभिन्न वित्तीय प्रक्रियाओं के डिजिटल क्रियान्वयन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण का उद्देश्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को नई वित्तीय प्रबंधन प्रणाली के अनुरूप दक्ष बनाना तथा विभागीय कार्यों में इसके प्रभावी उपयोग के लिए तैयार करना रहा। इससे शासकीय वित्तीय प्रक्रियाओं के संचालन में तकनीकी दक्षता बढ़ाने और कार्यों को अधिक व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780150 Articles

Share this story