बलरामपुर : महान नदी में अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई, 3 ट्रैक्टर जब्त
बलरामपुर, 19 जून (हि.स.)। खनिज संपदा के अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए बलरामपुर जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने शुक्रवार को राजपुर विकासखंड के सिंहचौरा और गोपालपुर स्थित महान नदी क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाकर अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की।
खनिज विभाग को महान नदी से अवैध रूप से रेत उत्खनन और परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची टीम ने जांच के दौरान रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए तीन ट्रैक्टर वाहनों को जब्त कर लिया।
जांच के दौरान संबंधित वाहन चालकों द्वारा रेत परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद खनिज नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त किया गया।
खनिज विभाग द्वारा जब्त किए गए सभी ट्रैक्टरों को अग्रिम कार्रवाई के लिए पुलिस थाना राजपुर की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है। जिला खनिज अधिकारी राहुल गुलाटी ने बताया कि संबंधित वाहन स्वामियों के विरुद्ध खनिज नियमों एवं प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिले में खनिज संपदा के संरक्षण तथा अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जांच और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने अवैध खनन में संलिप्त लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

