रेत का अवैध उत्खनन, भाजपा नेताओं व महिलाओं ने खनिज निरीक्षक को सौंपी चूड़ियां
धमतरी, 13 अप्रैल (हि.स.)। धमतरी जिले में अवैध उत्खनन को लेकर सेमरा-बी की महिलाओं व भाजपा नेताओं को ग्रामीणों के साथ सड़क पर उतरना पड़ रहा है। ग्रामीण महिलाओं की भीड़ के साथ भाजपा नेताओं ने खनिज निरीक्षक से चैन माउंटेन पर कार्रवाई करने कहा, तो कार्रवाई नहीं की। इससे आक्रोशित महिलाओं ने खनिज निरीक्षक को चूड़ियां पहनने के लिए भेंटकर प्रदर्शन किया। वहीं अधिकारी के वाहन का हवा खोलने की चेतावनी भी दी गई। रेत के अवैध उत्खनन व परिवहन को लेकर खनिज निरीक्षक ने किसी तरह कार्रवाई नहीं की।
भारी हाईवा चलने से जलजीवन मिशन व नलजल योजना के पाइपलाइन आए दिन फूटने से ग्रामीणों को गंदा पानी पीना पड़ रहा है। इससे आक्रोशित झुरानवागांव व सेमरा बी की महिलाओं समेत भाजपा नेताओं ने 13 अपै्रल की सुबह छह बजे से सेमरा-बी व लड़ेर में चल रहे रेत के अवैध उत्खनन व परिवहन पर कार्रवाई कराने की मांग को लेकर रेत से भरा हाईवा वाहनों को रोका। सुबह खनिज निरीक्षक को बुलाया गया, तो वह साढ़े आठ व नौ बजे पहुंचे। सेमरा-बी व लड़ेर के अवैध खदान पर चल रहे चैन माउंटेन पर कार्रवाई की मांग की, तो खनिज निरीक्षक ने हाथ खड़ा कर दिया। रेत से भरे हाईवा रोककर पीटपास जांच कराई तो पीटपास दोनर भंडारण का निकला, जहां रेत का डंप ही नहीं है।
आक्रोशित महिलाओं की भीड़ ने खनिज निरीक्षक को पहनने के लिए चूड़ियां सौंप दी। साथ ही महिलाओं ने उनके वाहन का हवा खोलने की चेतावनी दी, इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। इस पर भाजपा नेता ऋषभ देवांगन पूर्व मंडल अध्यक्ष गंगरेल, मिश्री पटेल भोथली मंडल अध्यक्ष, हेमंत चंद्राकर जिला मंत्री भाजपा, केशव साहू जनपद पंचायत उपाध्यक्ष धमतरी और फलेन्द्र साहू सरपंच झुरानवागांव ने कार्रवाई करने कहा, लेकिन खनिज निरीक्षक ने कार्रवाई नहीं की। जिले के सभी वैध 13 रेत खदानों में चैन माउंटेन से रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। अवैध परिवहन हो रहा है। सेमरा-बी व लड़ेर में अवैध रेत खदान चल रहा है। बोरसी, दोनर व दर्री में चैन माउंटेन से रेत का अवैध उत्खनन जारी है। उल्लेखनीय है कि भाजपा की सरकार में भाजपा नेताओं द्वारा अवैध कार्याें पर कार्रवाई की मांग की जा रही है, लेकिन कार्रवाई शून्य है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

