धमतरी जिले के गुदगुदा में हो रहा रेत का अवैध उत्खनन, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी जिले के गुदगुदा में हो रहा रेत का अवैध उत्खनन, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग


धमतरी जिले के गुदगुदा में हो रहा रेत का अवैध उत्खनन, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग


धमतरी, 17 मार्च (हि.स.)। धमतरी जिले के कुरुद ब्लाक के ग्राम पंचायत गुदगुदा में इन दिनों नदी किनारे कछार क्षेत्र में रेत का अवैध उत्खनन धड़ल्ले से जारी है। ग्रामीणों के अनुसार सुबह चार बजे से दोपहर एक बजे तक ट्रैक्टरों के माध्यम से रेत निकालकर कुरुद सहित आसपास के गांवों में बेचा जा रहा है। वहीं ग्राम कोकड़ी और आसपास के डंपिंग क्षेत्रों में भी रेत का भंडारण किया जा रहा है। खनिज विभाग द्वारा इस दिशा में कार्रवाई नहीं की जा रही है।

ग्रामीण पंचू साहू, बोधन साहू, पवन कुमार का कहना है कि जिस तरह से कछार क्षेत्र से लगातार रेत निकाली जा रही है, उससे नदी किनारे की जमीन का कटाव तेजी से बढ़ रहा है। विशेषकर बारिश के मौसम में यह कटाव और विकराल रूप ले सकता है, जिससे ग्राम गुदगुदा के अस्तित्व पर ही संकट गहरा सकता है। संतू निषाद, जगतराम ने कहा कि अधिक वर्षा या प्राकृतिक आपदा की स्थिति में यह संकट और जल्द सामने आ सकता है। इसका असर आसपास के गांवों सिरसिदा, परखंदा, चारभाठा और नारी पर भी पड़ सकता है, जो महानदी के बाढ़ क्षेत्र में आकर गंभीर खतरे में आ जाएंगे। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि पहले बाहरी लोग चोरी-छिपे रेत निकालते थे, जिससे परेशान होकर गांव के सार्वजनिक कार्यों और पूजा-पाठ के खर्च के लिए सीमित मात्रा में रेत बेचने का निर्णय लिया गया। जमीन का कटाव बढ़ रहा है और इसे तत्काल रोका जाना जरूरी है।

ग्राम पंचायत गुदगुदा के सरपंच संजय साहू ने कहा कि रेत बेचने का निर्णय उनका नहीं है और गांव वालों ने उनसे इस बारे में कोई चर्चा नहीं की। उन्होंने बताया कि जमीन के कटाव को लेकर स्थानीय विधायक से अनुरोध किया गया है, जिस पर तटबंध निर्माण का आश्वासन मिला है।नायब तहसीलदार रामकुमार सिन्हा ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा ग्राम गुदगुदा में हो रहे अवैध खनन पर कार्रवाई की जाएगी। विभागीय टीम से निरीक्षण कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story