एमसीबी : अवैध रेत उत्खनन पर आधी रात कार्रवाई, मशीन समेत 4 ट्रैक्टर जब्त

WhatsApp Channel Join Now
एमसीबी : अवैध रेत उत्खनन पर आधी रात कार्रवाई, मशीन समेत 4 ट्रैक्टर जब्त


एमसीबी : अवैध रेत उत्खनन पर आधी रात कार्रवाई, मशीन समेत 4 ट्रैक्टर जब्त


मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर बीती देर रात विभागीय टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापामार अभियान चलाकर दोषियों पर शिकंजा कसा।

रात्रि करीब 1 बजे तहसील भरतपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत हरचौका स्थित मवई नदी के स्वीकृत रेत खदान का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान खनन कार्य में पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन पाया गया, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से एक मशीन और रेत से भरी एक हाईवा वाहन जब्त कर लिया गया।

इसके बाद टीम ने सिरौली और चिउंटिमार क्षेत्रों में भी अभियान जारी रखते हुए अवैध रेत परिवहन में लगे चार ट्रैक्टर वाहनों को पकड़ा। सभी संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध खनन एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(1), 21(5) एवं 23(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। जब्त किए गए ट्रैक्टरों को कलेक्टरेट परिसर में सुरक्षित रखा गया है।

कार्रवाई में खनिज अधिकारी दयानंद तिग्गा, खनिज सिपाही राजकुमार यादव सहित विभागीय अमले की सक्रिय भूमिका रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story