कोरबा में रेत से भरा ट्रैक्टर पलटा, एक युवक की मौत, दो गंभीर
कोरबा, 25 जून (हि. स.)। अवैध उत्खनन के दौरान आज गुरुवार को उरगा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। सोन नदी से रेत लेकर लौट रहा एक ट्रैक्टर ग्राम जरवे के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दबने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम मड़वारानी निवासी शिवकुमार पटेल (29 वर्ष), पिता दुबराज पटेल, चालक अमित कुमार तथा एक अन्य युवक ट्रैक्टर लेकर सोन नदी में रेत निकालने पहुंचे थे। सुबह के समय रेत से भरी ट्रॉली लेकर वापस लौटते समय ग्राम जरवे के समीप तेज रफ्तार के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में शिवकुमार पटेल ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया, जबकि चालक अमित कुमार और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे शिवकुमार को बाहर निकाला। तीनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद शिवकुमार पटेल को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों का उपचार जारी है।
उरगा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के साथ-साथ अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के पहलुओं की भी जांच कर रही है।
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि ग्राम जरवे के पास ट्रैक्टर पलटने से एक युवक की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलटने से हादसा होना सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जिले में रेत खदानों से उत्खनन पर प्रतिबंध लागू होने के बावजूद सोन नदी सहित विभिन्न नदी-नालों से लगातार अवैध रूप से रेत निकाले जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेत माफिया बेखौफ होकर ट्रैक्टरों के माध्यम से रेत का परिवहन कर रहे हैं। गुरुवार को हुआ यह हादसा एक बार फिर अवैध रेत उत्खनन पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता को उजागर करता है। अब देखना होगा कि पुलिस और खनिज विभाग इस मामले में अवैध उत्खनन से जुड़े लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई करते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

