कोरबा में खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध रेत परिवहन करते 12 वाहन जब्त

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध रेत परिवहन करते 12 वाहन जब्त


कोरबा, 04 अगस्त (हि. स.)। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और उप संचालक खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में कोरबा जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत मंगलवार को खनिज उड़नदस्ता दलों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई करते हुए 12 वाहनों को जब्त किया है।

खनिज विभाग की टीम ने जांच के दौरान राताखार में अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए 3 ट्रैक्टर, कसरेंगा में 2 ट्रैक्टर, बरमपुर में 1 ट्रैक्टर, सुराकछार में 1 ट्रैक्टर और पाली क्षेत्र में 1 ट्रैक्टर को पकड़ा। इसके अलावा कापूबहरा में मिट्टी का अवैध परिवहन करते 1 टीपर तथा भिलाई बाजार में रेत का अवैध परिवहन करते 2 ट्रैक्टर और 1 टीपर जब्त किया गया।सभी जब्त वाहनों को सुरक्षा के लिए सिविल लाइन थाना, रामपुर, सर्वमंगला पुलिस चौकी, पाली थाना, हरदीबाजार थाना और खनिज जांच चौकी कटघोरा की अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज विभाग ने बताया कि अवैध उत्खनन और परिवहन से प्राकृतिक संसाधनों को होने वाले नुकसान तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम सहित अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

विभाग ने साफ किया है कि अवैध खनन, रेत परिवहन और भंडारण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story