घुटकेल और उमरगांव में अवैध धान पर प्रशासन की कार्रवाई, 457 कट्टा धान जब्त

WhatsApp Channel Join Now
घुटकेल और उमरगांव में अवैध धान पर प्रशासन की कार्रवाई, 457 कट्टा धान जब्त


धमतरी, 15 नवंबर (हि.स.)। समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू होते ही अवैध धान के भंडारण और उपार्जन केंद्रों में खपाने की कोशिशों पर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 457 बोरा-कट्टा धान जब्त किया है। इसमें ग्राम घुटकेल से 147 बोरा और उमरगांव से 310 कट्टा धान शामिल है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मनोज मरकाम के मार्गदर्शन में टीम ने घुटकेल में जांच के दौरान संतोष खंडेलवाल द्वारा अपने ड्राइवर के घर धान रखवाए जाने की जानकारी पर दबिश दी। मौके पर धान के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर 147 बोरा धान जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

इसी तरह ग्राम उमरगांव में तोषण कुमार साहू के गोदाम की जांच के दौरान भंडारण से संबंधित आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर 310 कट्टा धान जब्त किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रूप से धान संग्रहित कर समर्थन मूल्य पर बेचने की कोशिश करने वालों में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन द्वारा वास्तविक किसानों को धान खरीद का लाभ दिलाने और व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों, गोदामों और संदिग्ध भंडारण स्थलों पर लगातार निगरानी की जा रही है। इसके लिए राजस्व, खाद्य, सहकारिता और मंडी विभाग के अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाहरी अथवा अवैध धान को उपार्जन केंद्रों में खपाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777689 Articles

Share this story