जांजगीर-चांपा में अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश


जांजगीर-चांपा, 20 जून (हि. स.)। जिले में अवैध खनन, परिवहन और खनिजों के अवैध भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने आज जिला स्तरीय खनिज टास्क फोर्स की बैठक लेकर संबंधित विभागों को संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में स्पष्ट किया गया कि अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिले में संचालित खनन गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को समन्वय बनाकर सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों, नदी घाटों और खनन स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को वर्षा ऋतु के दौरान लागू खनन प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि 10 जून से 15 अक्टूबर तक खनन कार्य प्रतिबंधित है और इस अवधि में किसी भी प्रकार का अवैध उत्खनन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों और संवेदनशील स्थलों पर नियमित निरीक्षण और निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने अवैध खनिज परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच की जाए और अवैध परिवहन में संलिप्त वाहनों को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अमले को संयुक्त रूप से अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिला खनिज अधिकारी ने अवैध खनन के खिलाफ की गई हालिया कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला उड़नदस्ता दल ने पिछले 15 दिनों में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े कुल 41 प्रकरण दर्ज किए हैं। इन मामलों में कार्रवाई करते हुए 13 लाख 52 हजार 480 रुपये की वसूली कर खनिज मद में जमा कराई गई है।

अधिकारियों के अनुसार दर्ज मामलों में अवैध उत्खनन के 3 प्रकरणों से 2 लाख 73 हजार 440 रुपये, अवैध परिवहन के 37 प्रकरणों से 5 लाख 87 हजार 440 रुपये तथा अवैध भंडारण के 1 प्रकरण से 4 लाख 91 हजार 600 रुपये की राशि वसूल की गई है। इसके अलावा 19 अन्य मामलों में कार्रवाई की प्रक्रिया अभी जारी है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि खनिज संपदा की सुरक्षा और राजस्व हानि रोकने के लिए प्रशासन, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीमें नियमित रूप से जांच अभियान चलाएंगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई कर मामलों को प्रभावी ढंग से अंजाम तक पहुंचाया जाए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, जिला खनिज अधिकारी हेलेन्द्र स्वर्णपाल, विभिन्न एसडीएम, एसडीओपी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रशासन की इस सख्ती से जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही मानसून अवधि में लागू खनन प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story