जांजगीर-चांपा में भुइयां आईडी से अवैध रकबा परिवर्तन, चार पटवारी निलंबित

WhatsApp Channel Join Now

जांजगीर-चांपा, 12 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में खसरा अभिलेखों में अवैध रूप से रकबा परिवर्तन करने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। भुइयां आईडी के माध्यम से सक्षम अधिकारी के आदेश और अनुमोदन के बिना रकबा बदलने के आरोप में गुरुवार काे चार पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इनमें पामगढ़ तहसील के तीन और चांपा अनुविभाग के एक पटवारी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पामगढ़ ने पटवारी महादेव देवांगन, मोहन साहू और अमृतलाल रात्रे को निलंबित किया है। संबंधित पटवारियों के खसरा नंबरों की लॉग रिपोर्ट की जांच में सक्षम अधिकारी के आदेश के बिना भुइयां आईडी से अवैधानिक रूप से रकबा परिवर्तन किए जाने की पुष्टि हुई। इस संबंध में जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब भी संबंधित पटवारियों ने प्रस्तुत नहीं किया था।

वहीं, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) चांपा ने पटवारी केशव सिंह मरावी को निलंबित किया है। उन पर ग्राम सरवानी के खसरा नंबर 450/1 और 450/2 के रकबे में बदलाव करने का मामला सामने आया था। तहसीलदार सारागांव की जांच रिपोर्ट और भुइयां आईडी की लॉग प्रविष्टियों के परीक्षण में रकबा परिवर्तन के लिए किसी सक्षम अधिकारी का अनुमोदन नहीं मिला। जारी कारण बताओ नोटिस पर पटवारी का जवाब भी संतोषजनक नहीं पाया गया।

प्रशासन ने चारों पटवारियों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत निलंबित किया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

निलंबन के दौरान महादेव देवांगन, मोहन साहू और अमृतलाल रात्रे का मुख्यालय तहसील कार्यालय पामगढ़ की कानूनगो शाखा निर्धारित किया गया है, जबकि केशव सिंह मरावी का मुख्यालय तहसील कार्यालय सारागांव रहेगा। इसके अलावा केशव सिंह मरावी के विरुद्ध विभागीय जांच की कार्रवाई भी शुरू की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775652 Articles

Share this story