बाईपास सड़क पर अवैध कब्जा, दीवार खड़ी कर आवागमन बाधित

WhatsApp Channel Join Now
बाईपास सड़क पर अवैध कब्जा, दीवार खड़ी कर आवागमन बाधित


धमतरी, 11 अप्रैल (हि.स.)। जिले के नगरी ब्लाक में अवैध कब्जे की शिकायत मिली है। जानकारी के अनुसार नगरी के छिपली मोड़ चौक में शासकीय भूमि पर स्थित बाईपास सड़क पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। लोक निर्माण विभाग की जमीन पर एक स्थानीय व्यापारी द्वारा ईंट की दीवार खड़ी कर सड़क को अवरुद्ध किया जा रहा है, जिससे आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।

नगर पंचायत क्षेत्र के नगरी-सांकरा मार्ग पर छिपली कालेज मोड़ के पास स्थित यह भूमि राजस्व अभिलेखों में लोक निर्माण विभाग की शासकीय भूमि के रूप में दर्ज है। आरोप है कि संबंधित व्यापारी पहले ही यहां धर्म कांटा स्थापित कर बड़े हिस्से पर कब्जा कर चुका है और अब बाईपास सड़क को भी घेरकर दीवार निर्माण कर रहा है। नगर के रहवासी सुरेश कुमार, गोपाल साहू ने कहा कि प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर अवैध कब्जा हटाना चाहिए। बाईपास मार्ग को पुनः सुचारू रूप से शुरू किया जाए।स्थानीय नागरिकों ने इस अवैध कब्जे को लेकर कई बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। गौरतलब है कि जिला प्रशासन द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त निर्देश जारी किए गए हैं, बावजूद इसके इस मामले में कार्रवाई नहीं की जा रही है।

इस संबंध में नगर पंचायत नगरी के सीएमओ यशवंत वर्मा ने बताया कि संबंधित खसरा क्रमांक को आनलाइन जांच में लोक निर्माण विभाग की भूमि पाया गया है। इस पर कार्रवाई विभाग द्वारा की जाएगी। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ प्रशांत साहू ने भी पुष्टि की कि रिकार्ड और टेपोशीट में जमीन विभाग की ही दर्ज है। उन्होंने कहा कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story