जशपुर : जंगल में अवैध बोरवेल खनन पर वन विभाग का एक्शन, दो ट्रक जब्त

WhatsApp Channel Join Now
जशपुर : जंगल में अवैध बोरवेल खनन पर वन विभाग का एक्शन, दो ट्रक जब्त


जशपुर : जंगल में अवैध बोरवेल खनन पर वन विभाग का एक्शन, दो ट्रक जब्त


जशपुर : जंगल में अवैध बोरवेल खनन पर वन विभाग का एक्शन, दो ट्रक जब्त


जशपुर, 29 मार्च (हि.स.)। वन क्षेत्र में अवैध बोरवेल खनन पर वन विभाग ने रविवार काे त्वरित कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को जब्त कर लिया है। ग्रामीणों से दूरभाष के माध्यम से मिली सूचना पर वनमंडलाधिकारी जशपुर शशि कुमार के निर्देशन में वन परिक्षेत्र सन्ना की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।

वन अमले ने कक्ष क्रमांक पी 303 में पंचों और गवाहों की मौजूदगी में स्थल निरीक्षण किया, जहां जांच के दौरान यह पाया गया कि वन भूमि के भीतर अवैध रूप से बोरवेल खनन किया जा रहा था। इस गतिविधि से वन क्षेत्र और जैव विविधता को गंभीर नुकसान पहुंचने की आशंका थी। टीम ने तत्काल खनन कार्य रुकवाया और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की।

पूछताछ में वाहन चालक सल्लू राम (ग्राम मनोहरपुर) और गोधन कोमा (ग्राम नर्राटोला, जिला बालौद) ने बताया कि यह कार्य राजेश यादव (ग्राम दातुनपानी) के निर्देश पर किया जा रहा था। वहीं, संबंधित वाहनों के मालिक रमेश जायसवाल (निवासी बिलाईगढ़, जिला बलौदाबाजार) बताए गए।

वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रक क्रमांक सीजी 22 एएफ 7660 और सीजी 22 एएफ 7659 को जब्त कर लिया है तथा वन अपराध के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। जब्त वाहनों को वन आवासीय परिसर सन्ना में सुरक्षित रखा गया है।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध उत्खनन, बोरवेल खनन या अन्य गतिविधियां पूर्णतः प्रतिबंधित हैं। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत विभाग को दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story