दंतेवाड़ा के बैलाडीला खदान का मलबा खिसकने की जांच आईआईटी रुड़की एवं मुंबई के विशेषज्ञों की टीम करेगी

WhatsApp Channel Join Now
दंतेवाड़ा के बैलाडीला खदान का मलबा खिसकने की जांच आईआईटी रुड़की एवं मुंबई के विशेषज्ञों की टीम करेगी


दंतेवाड़ा, 23 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के दंतेखाड़ा जिले में किरंदुल स्थित बैलाडीला की पहाड़ियों में राष्ट्रीय खनिज विकास निगम के डिपॉजिट-14 एमएल क्षेत्र में खदान का मलबा खिसकने के बाद राष्ट्रीय खनिज विकास निगम प्रबंधन ने इस धंसाव को प्राकृतिक कारणों से जुड़ी घटना करार दिया है।

निगम के अनुसार खिसका हुआ मलबा किसी वर्तमान खनन कार्य से संबंधित नहीं है। प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आसपास के गांवों में किसी प्रकार की जनहानि, चोट या संपत्ति के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। सड़क पर जमा मलबे और पत्थरों को हटाने के लिए भारी मशीनरी तैनात की गई है। इसके अलावा स्थल के भू-तकनीकी आकलन तथा घटना की परिस्थितियों की जांच के लिए आईआईटी रुड़की और आईआईटी मुंबई के विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई है, जो स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करेगी।

राष्ट्रीय खनिज विकास निगम के डिपॉजिट-14 एमएल क्षेत्र के दशकों पुराने खनन मलबे और अवशेषों के बीते दो-तीन दिनों से लगातार धंसने के कारण लोहागांव-किरंदुल मुख्य सड़क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। लाल मिट्टी और बड़े पत्थरों के नीचे खिसकने से आस-पास के घने वन क्षेत्र और लोहागांव के पास स्थित गांवों में भारी चिंता फैल गई है। सुरक्षा को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्र में आवाजाही पर कड़े प्रतिबंध लागू कर दिए हैं।

पहाड़ी क्षेत्र में गहरी और चौड़ी दरारें पड़ने के कारण बड़े पैमाने पर धंसाव की आशंका गहरा गई है। मिट्टी और पत्थरों का खिसकना पूरी तरह न थमने से लोहागांव और किरंदुल के बीच संपर्क मार्ग पूरी तरह बंद पड़ा हुआ है। मुख्य मार्ग ठप होने से स्थानीय निवासियों और आदिवासी समुदायों की रोजमर्रा की गतिविधियों, व्यापार, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच तथा आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। लोहागांव-किरंदुल मार्ग के पूरी तरह कट जाने से आसपास के गांवों में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे ग्रामीणों में गहरा असंतोष और आक्रोश देखा जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि दंतेवाड़ा की बैलाडीला पहाड़ियों में 18 नवंबर की रात भारी भूस्खलन हुआ। लौह अयस्क खनन का लाल अपशिष्ट खिसककर घने जंगल में फैल गया। इस हादसे में हजारों पेड़ों के दबने और वन्यजीवों के प्रभावित होने की आशंका है। घटना के 48 घंटे बाद इसकी जानकारी सार्वजनिक हुई । अब आईआईटी की टीम मौके पर पहुंचकर हादसे की तकनीकी जांच करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781755 Articles

Share this story