सामान्य मरीजों के लिए भी आईसीयू का पैकेज ब्लॉक, कल्याण हॉस्पिटल का लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा

WhatsApp Channel Join Now
सामान्य मरीजों के लिए भी आईसीयू का पैकेज ब्लॉक, कल्याण हॉस्पिटल का लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा


रायगढ़ , 07 अगस्त (हि.स.)।जनरल वार्ड के सामान्य मरीजों के लिए आईसीयू का पैकेज ब्लॉक करने की शिकायतों के बाद शहर के कल्याण हॉस्पिटल का लाइसेंस निरस्त करने की अनुशंसा की गई है। शिकायत पर जांच के लिए गई टीम को आयुष्मान कार्ड से उपचार व क्लेम के संबंध में कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं, जिसके बाद विभाग ने आगे की कार्रवाई के लिए संचालनालय स्वास्थ्य विभाग को अनुशंसा कर दी है।

दरअसल, मेडिकल कॉलेज रोड स्थित कल्याण हॉस्पिटल के खिलाफ संचालनालय स्वास्थ्य विभाग को शिकायत मिली थी। शिकायत में बताया गया था कि यहां सामान्य मरीजों को भी आईसीयू में भर्ती दिखाकर आयुष्मान कार्ड में ब्लॉक किए जा रहे हैं। सूचना मिलने पर जिले में स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और सीएमएचओ ने अपनी ओर से एक टीम बनाकर जांच के लिए कल्याण हॉस्पिटल भेजा।

जांच के दौरान हॉस्पिटल के द्वारा ब्लॉक किए गए कार्ड और मरीजों की स्थिति की पड़ताल की गई। इस दौरान मामले की पोल खुल गई। जांच में यह भी पता चला कि कल्याण हॉस्पिटल द्वारा अनावश्यक रूप से अधिक राशि वाले पैकेज ब्लॉक करने तथा सामान्य मरीजों को अनावश्यक रूप से आईसीयू के पैकेज में ब्लॉक किए जाने की शिकायत सही पाई गई। जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर विभाग को भेज दी है। रिपोर्ट में हॉस्पिटल के संबंध में कई खामियां सामने आने के बाद संचालनालय स्वास्थ्य विभाग को आगे की कार्रवाई के लिए अनुशंसा की गई है।

इस संबध में सीएचएमओ अनिल जगत ने आज मीडिया को बताया कि कल्याण हॉस्पिटल के संबंध में शिकायत मिलने के बाद जांच के लिए भेजी गई टीम ने रिपोर्ट तैयार की है। हॉस्पिटल द्वारा सामान्य मरीजों के लिए भी आईसीयू का पैकेज ब्लॉक किया जा रहा था। कुछ और खामियां भी मिली हैं। पूरी रिपोर्ट संचालनालय को भेज दी गई है। आगे की कार्रवाई वहीं से होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Share this story