सूरजपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मत्स्य पालकों को वितरित किए आइस बॉक्स

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मत्स्य पालकों को वितरित किए आइस बॉक्स


सूरजपुर, 17 जून (हि.स.)। नगर पंचायत शिवनंदनपुर में बुधवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर विकास एवं जनकल्याण प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में मत्स्य विभाग द्वारा संचालित हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत मत्स्य व्यवसाय से जुड़े लाभार्थियों को आइस बॉक्स वितरित किए गए।

इस अवसर पर कुंजनगर की मछुआरा सहकारी समिति की सदस्य भारती केवट एवं तपेश्वरी राजवाड़े को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा विभागीय मंत्री रामविचार नेताम ने आइस बॉक्स प्रदान किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार मत्स्य पालकों एवं मछुआरा समुदाय के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से मत्स्य व्यवसाय को बढ़ावा देकर हितग्राहियों की आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने लाभार्थियों से शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

विभागीय मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि सरकार मत्स्य क्षेत्र के विकास और मछुआरा समुदाय के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लाभार्थियों को योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने तथा अपने व्यवसाय का विस्तार करने के लिए प्रेरित किया।

मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आइस बॉक्स वितरण से मत्स्य उत्पादों के सुरक्षित भंडारण एवं परिवहन में सुविधा मिलेगी। इससे मछलियों की गुणवत्ता लंबे समय तक बनी रहेगी तथा हितग्राहियों को बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त होगा। इससे उनकी आय में भी वृद्धि होने की संभावना है।

आइस बॉक्स प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री एवं विभागीय मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा उनके व्यवसाय को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story