बारिश थमने के बाद उमस ने बढ़ाई लोगों की परेशानी, प्रदेश के कई इलाकों में आज बारिश के आसार

WhatsApp Channel Join Now
बारिश थमने के बाद उमस ने बढ़ाई लोगों की परेशानी, प्रदेश के कई इलाकों में आज बारिश के आसार


रायपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पिछले तीन दिनों से बादल छंटने के बाद उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने आज सोमवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की गई है। अगले दो दिनों तक प्रदेश में इसी प्रकार का मौसम बने रहने के संकेत हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। दोरनापाल, भिलाईगढ़ और जगरगुंडा में चार-चार सेंटीमीटर, कटेकल्याण और सुकमा में तीन-तीन सेंटीमीटर तथा सरिया, धनोरा और नया बाराद्वार में दो-दो सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा दंतेवाड़ा, अंतागढ़, केल्हारी, सक्ती, बड़े बचेली, अड़भार, बम्हनीडीह, वाड्रफनगर और गादीरास में एक-एक सेंटीमीटर वर्षा दर्ज हुई।

मौसम विभाग के अनुसार, औसत समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में बने निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र से होते हुए मध्य भारत और पूर्वोत्तर तक विस्तृत है। इसके प्रभाव से प्रदेश में पर्याप्त नमी बनी हुई है, जिससे आगामी दिनों में वर्षा की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग द्वारा जारी स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार, रायपुर में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ वर्षा होने तथा अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। उमस से तत्काल राहत मिलने की संभावना कम है।

मौसम विभाग ने आज सोमवार के लिए सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में बारिश एवं तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ वर्षा की संभावना के मद्देनजर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story