वेदांता पावर सक्ती प्लांट के सुरक्षा कर्मियों को मानवाधिकारों का प्रशिक्षण
जांजगीर-सक्ती, 28 नवंबर (हि. स.)। वेदांता पावर लिमिटेड ने कार्यस्थल पर सुरक्षित, सम्मानजनक और जिम्मेदार कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। छत्तीसगढ़ स्थित वेदांता पावर सक्ती थर्मल पावर प्लांट में सुरक्षा कर्मियों के लिए विशेष मानवाधिकार जागरूकता प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। कंपनी के अनुसार, इस पहल के तहत प्लांट के 100 प्रतिशत सुरक्षा कर्मियों को मानवाधिकारों, नैतिक आचरण और पेशेवर जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया है।
कंपनी द्वारा आयोजित इन त्रैमासिक प्रशिक्षण सत्रों का उद्देश्य सुरक्षा कर्मियों को अपने कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान प्रत्येक व्यक्ति के अधिकारों, गरिमा और सम्मान का ध्यान रखने के लिए प्रशिक्षित करना है। सुरक्षा कर्मी प्लांट परिसर में प्रवेश करने वाले कर्मचारियों, आगंतुकों, ठेकेदारों और अन्य हितधारकों के सीधे संपर्क में रहते हैं। ऐसे में उनके व्यवहार और संवाद का संस्थान की कार्यसंस्कृति पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ता है।
शनिवार को आयोजित प्रशिक्षण सत्र का संचालन प्लांट के लीड-सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस नंदकिशोर पटेल ने किया। इस दौरान प्रतिभागियों को पेशेवर एवं व्यक्तिगत आचरण में मानवाधिकारों के संरक्षण, नैतिक मूल्यों के पालन तथा प्रत्येक व्यक्ति के साथ निष्पक्षता, समानता और सम्मानजनक व्यवहार करने के महत्व की जानकारी दी गई।
इस पहल पर वेदांता पावर सक्ती थर्मल पावर प्लांट के मुख्य परिचालन अधिकारी देवेंद्र कुमार पटेल ने कहा कि जिम्मेदार और सुरक्षित कार्यस्थल का निर्माण कर्मचारियों के रोजमर्रा के व्यवहार और कार्यशैली से होता है। सुरक्षा कर्मियों की भूमिका प्रत्येक व्यक्ति के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और स्वागतपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण है। नियमित प्रशिक्षण के माध्यम से मानवाधिकारों, नैतिक आचरण और पेशेवर जिम्मेदारियों की समझ को मजबूत किया जा रहा है।
कंपनी का कहना है कि ऐसी पहल उसके 'ट्रांसफॉर्मिंग वर्कप्लेस' दृष्टिकोण का हिस्सा है, जिसके तहत नैतिक सुशासन, समावेशी विकास और जिम्मेदार कार्यप्रणालियों को संगठनात्मक संस्कृति में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
4,780 मेगावाट है कंपनी की कुल उत्पादन क्षमता
वेदांता पावर लिमिटेड देश की प्रमुख निजी विद्युत उत्पादक कंपनियों में शामिल है। कंपनी की कुल स्थापित ताप विद्युत उत्पादन क्षमता 4,780 मेगावाट है। इसमें पंजाब के मानसा में 1,980 मेगावाट, आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में 1,000 मेगावाट, छत्तीसगढ़ के सक्ती में 1,200 मेगावाट और ओडिशा के झारसुगुड़ा में 600 मेगावाट की क्षमता शामिल है। कंपनी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए फ्लाई ऐश के उपयोग, बायोमास को-फायरिंग और ताजे पानी के शून्य उपयोग जैसी पहलों को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

