चलती पिकअप वाहन पर गिरा विशाल पेड़, बाल-बाल बचा चालक

WhatsApp Channel Join Now
चलती पिकअप वाहन पर गिरा विशाल पेड़, बाल-बाल बचा चालक


सुकमा, 30 जुलाई (हि.स.)। जिले में लगातार 24 घंटे से जारी बारिश से जनजीव अस्त व्यस्त हाे गया है। सुकमा-जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सम्राट नगर के पास आज गुरूवार सुबह सड़क किनारे खड़ा एक विशाल पेड़ अचानक गुजर रहे पिकअप वाहन पर गिर पड़ा। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक लखेंद्र सोढ़ी (निवासी सोढ़ीपारा, सुकमा) वाहन के अंदर फंस गया, रहत की बात रही कि इस हादसे में जनहानि नहीं हुई चालक बाल-बाल बच गया।

घटना की सूचना मिलते ही सुकमा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। वाहन में फंसे चालक को निकालने के लिए हाइड्रा और जेसीबी मशीन की सहायता ली गई। काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू के बाद घायल चालक को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल, सुकमा भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना पर तहसीलदार सुकमा और नगर पालिका परिषद की टीम भी मौके पर पहुंची। सड़क पर गिरे पेड़ को हटाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारु कराया गया।

वहीं दूसरी घटना मेंछिंदगढ़ विकासखंड अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर राजमुंडा के पास एक विशाल पेड़ सड़क के बीचों-बीच गिर जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। पेड़ गिरने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक भारी-भरकम पेड़ सड़क पर गिरने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई वाहन पेड़ की चपेट में नहीं आया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि या हताहत होने की सूचना नहीं है। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।

सुकमा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश और तेज हवा के दौरान यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें। किसी भी दुर्घटना या आपात स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा संबंधित सहायता सेवाओं को दें, ताकि समय पर राहत और बचाव कार्य किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story