सुशासन तिहार में उमड़ा जनसैलाब, कुम्हारीकला शिविर में 1625 आवेदन प्राप्त

WhatsApp Channel Join Now
सुशासन तिहार में उमड़ा जनसैलाब, कुम्हारीकला शिविर में 1625 आवेदन प्राप्त


सुशासन तिहार में उमड़ा जनसैलाब, कुम्हारीकला शिविर में 1625 आवेदन प्राप्त


जांजगीर-चांपा, 2 जून (हि. स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप जिले में आयोजित किए जा रहे सुशासन तिहार के तहत आज मंगलवार को जनपद पंचायत बम्हनीडीह के ग्राम पंचायत कुम्हारीकला तथा नगर पंचायत बलौदा और नरियरा में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और नागरिकों ने भाग लेकर अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त कर कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभ वितरण भी किया गया, जिससे लोगों में उत्साह देखने को मिला।

शिविर में नवीन राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, नैनो डीएपी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत चेक एवं प्रमाण पत्र, बी-1 खसरा, वोटर आईडी, किसान किताब, श्रम कार्ड सहित अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं की सामग्री पात्र हितग्राहियों को वितरित की गई। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबी भी सौंपी गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म संपन्न कराई गई। इसके अलावा उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण की।

सुशासन तिहार के अंतर्गत विशेष स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें ग्रामीणों को एक्स-रे, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, सिकल सेल, हीमोग्लोबिन जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिए।

ग्राम पंचायत कुम्हारीकला में आयोजित शिविर में कुल 1625 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 1578 मांग संबंधी तथा 47 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल हैं। सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए प्रेषित किया गया है।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य आशा साव ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन और प्रशासन सीधे गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है तथा उनका समाधान सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से जल संरक्षण, सोख्ता गड्ढों के निर्माण और पानी के सदुपयोग की अपील की।

जनप्रतिनिधि गुलजार सिंह ने कहा कि शासन की यह पहल ग्रामीणों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को आवेदन प्रस्तुत कर योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया और अधिकारियों से समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शिविर का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा अधिकाधिक हितग्राहियों को इसका लाभ दिलाने पर जोर दिया। कलेक्टर ने किसानों को फसल चक्र अपनाने, जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा नैनो यूरिया और वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग के लिए प्रेरित किया।

जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने, शत-प्रतिशत कचरा संग्रहण और वैज्ञानिक निपटान सुनिश्चित करने की अपील की।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष मनीषा चौहान, उतरा सिदार, रूपा यादव, सुरेंद्र साहू, राजेंद्र देवांगन, एसडीएम पवन कोसमा, जनपद पंचायत सीईओ प्रज्ञा यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story