सुशासन तिहार : बिलारी में जनसमस्या निवारण शिविर में उमड़ी भीड़, 1473 आवेदन प्राप्त

WhatsApp Channel Join Now
सुशासन तिहार : बिलारी में जनसमस्या निवारण शिविर में उमड़ी भीड़, 1473 आवेदन प्राप्त


जांजगीर-चांपा, 21 मई (हि. स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुसार जिले में आयोजित किए जा रहे सुशासन तिहार के तहत गुरुवार को जनपद पंचायत पामगढ़ के ग्राम पंचायत बिलारी में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बिलारी परिसर में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।

शिविर में कुल 1473 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1439 मांग से संबंधित और 34 शिकायत से जुड़े आवेदन शामिल रहे। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया।

इस दौरान हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, किसान किताब, बी-1, नक्शा-खसरा, नैनो यूरिया, चेक, सम्मान पत्र एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित मकानों की चाबियां सौंपी गईं। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। स्व-सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए ऋण स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं और मांगें दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए और विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए। विधायक ने विद्युत विभाग को बिजली संबंधी शिकायतों का जल्द समाधान करने तथा कृषि विभाग को किसानों के लिए खाद और उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि सुशासन तिहार का आयोजन 10 जून तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना और महतारी वंदन योजना जैसी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से इनका लाभ लेने की अपील की।

शिविर में जिला पंचायत सदस्य प्रमिला साह, प्रीति अजय दिव्य, संतोषी मनोज रात्रे सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

सुशासन तिहार के तहत 22 मई को जनपद पंचायत अकलतरा के ग्राम पंचायत कापन स्थित पीएम श्री प्राथमिक शाला में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में कापन, बम्हनी, खिसोरा, बरपाली, मुड़पार, करहीडीह, पचरी, साजापाली, खोंड़, कटनई, हरदी, बुचीहरदी, बिरकोनी, भैसतरा, बरगवां, कोटगढ़, खटोला और महमदपुर सहित कुल 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story